Tamil Nadu Weather: भारी बारिश से बेहाल चेन्नई, अब तक 3 की मौत, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Tamil Nadu Heavy Rains: तमिलनाडु इस वक्त उत्तर-पूर्वी मानसून की चपेट में है और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती प्रेशर के बन जाने से इस वक्त वहां पर भारी बारिश हो रही है। स्थानीय मौसम केंद्र के मुताबिक चेन्नई में कल सवा तीन इंच से ज्यादा बारिश हुई है, इतनी बारिश पूरे 72 साल में तीसरी बार देखी गई है। आपको बता दें कि चेन्नई में भारी बारिश के चलते अब तक तीन लोगों की मौत भी हो गई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक दो लोगों की मौत सोमवार को करंट लगने से हुई तो वहीं एक महिला की मौत मंगलवार शाम को बालकनी की छत गिरने से हुई है। आज भी यहां पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के आठ जिलों ,तिरुवरुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और तंजावुर में कल से ही स्कूल-कॉलेज बंद है और यहां पर आज भी भारी बारिश का Orange Alert जारी किया हुआ है, यहां पर भारी बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम का ये हाल अगले दो दिनों तक यूं ही बना रहेगा। भारी बारिश के कारण जिले के कई स्थानों पर जलजमाव हो जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बेंगलुरु में भी कल से भारी बारिश हो रही है
तमिलनाडु की बारिश का असर आस-पास के राज्यों में भी पड़ेगा इसलिए कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी कल से भारी बारिश हो रही है। मंगलवार शाम को कई घंटे हुई लगातार बारिश से बेंगुलुरु के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। आज भी सुबह से यहां पर बादल छाए हुए हैं।

तो वहीं पूर्वोत्तर में भी बारिश होने का अलर्ट जारी किया हुआ है। मौसम विभाग ने कहा है कि 6-7 नवंबर के बीच देश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। जिससे कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी होगी, जिसका असर मैदानी इलाकों पर पड़ेगा और ठंड बढ़ेगी। यही हाल रहा तो अब बहुत जल्द लोगों का सामना अच्छी-खासी सर्दी से होने जा रहा है।

तो वहीं दिल्ली में आज मौसम साफ और शुष्क रहेगा, यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31और 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, यूपी, एमपी और बिहार में मौसम शुष्क ही रहने वाला है। उत्तराखंड और हिमाचल में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम की जानकारी देने वाली निजी कंपनी स्काईमेट ने कहा है कि आज उत्तर भारत में मौसम शुष्क और अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु,असम , अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, रायलसीमा और केरल के कई इलाकों बारिश की संभावना व्यक्त की है।












Click it and Unblock the Notifications