Weather: केरल-कर्नाटक में भारी बारिश, दिल्ली-एनसीआर में छाए बदरा, जानिए IMD का अपडेट
नई दिल्ली, 18 मई। आग उगल रही दिल्ली में कल से राहत है, आज भी राजधानी में बादल छाए हुए हैं और हल्की हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से दिल्ली और आस-पास के इलाकों में आज आंधी-पानी की आशंका है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को तपन से राहत मिलेगी, हालांकि आज भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आस-पास ही रह सकता है। मौसम से तब्दीली पश्चिमी विक्षोभ के कारण पैदा हुई है इसका असर आज और कल रहने का अनुमान है।

केरल-कर्नाटक में भारी बारिश
जहां दिल्ली का ये हाल है, वहीं दूसरी ओर केरल, कर्नाटक,आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में जमकर बादल बरस रहे हैं। कर्नाटक में तो कल शाम से ही इंद्र देवता मेहरबान हैं, राजधानी बेंगलुरु में तो भारी बारिश के कारण कई जगहों पर जलजमाव हो गया है और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। आईएमडी ने आज इन राज्यों में फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है।
Recommended Video

गर्म हवाएं जोर पकड़ेंगी
तो वहीं यूपी,बिहार,एमपी, छत्तीसगढ़, झारखंड में भी आज हल्की बारिश हो सकती है तो वहीं राजस्थान, गुजरात में गर्म हवाएं जोर पकड़ेंगी, इन दोनों जगहों पर भी लू के लिए अलर्ट जारी है तो वहीं उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश के आसार हैं।

मानसून की दिशा और गति दोनों सही
अगर मानसून की बात करे तो ये अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के पास स्थित है औऱ सही दिशा और गति में मूव कर रहा है, इसके 27 मई तक केरल पहुंचने के आसार हैं, जो कि एक खुशी की बात है।

इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट
वहीं मौसम की जानकारी देने वानी निजी एजेंसी स्काईमेट ने कहा है कि आज केरल के साथ-साथ तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान है तो वहीं दिल्ली, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, हिमालय, कोंकण और गोवा में बारिश हो सकती है , जबकि उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की धूल भरी आंधी आ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications