Heat Wave: गर्मी अभी झुलसाएगी-तपाएगी और सताएगी, फिलहाल लू से राहत नहीं, जानिए IMD का लेटेस्ट अपडेट
Weather IMD Update: उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी से फिलहाल किसी तरह से राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। सुबह होते ही सूरज की तपिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को अभी भीषण गर्मी से जूझना पड़ेगा।
देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। आलम यह कि लोगों का घरों से निकलना दुभर हो गया है। उत्तर भारत के मैदानी इलाके में बीते पांच दिनों से भयंकर लू चल रही है, जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। IMD ने कहा कि इन राज्यों के कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल ऐसी ही भीषण गर्मी की स्थिति जारी रहेगी। IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि, "राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आगामी 5 दिनों के लिए हीट वेव का रेड अलर्ट और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, केरल में आगामी 2-3 दिन बारिश होगी।"
उन्होंने बताया कि, "पंजाब और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बाद इसमें धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होगी। हमने पहले ही इन दोनों राज्यों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है। पड़ोसी उत्तर प्रदेश में हमने अगले पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।"
दक्षिण में बारिश से राहत
हालांकि, उत्तर में भीषण गर्मी पड़ रही है, तो दक्षिण में कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है, क्योंकि आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में तमिलनाडु और केरल में 12 सेमी तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस बीच तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के आसपास के इलाकों में लगातार बारिश देखने को मिली।
सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक का विशेष अलर्ट
वहीं उत्तर भारत की बात करें तो मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी द्वारा राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी करने के साथ, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को विशेष रूप से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने के खिलाफ चेतावनी दी है, क्योंकि इससे उनके स्वास्थ्य में गिरावट आ सकती है। इसी के साथ लोगों से गर्मी को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications