Aaj Ka Mausam: दिल्ली-NCR में बारिश..यूपी में गिरे ओले, पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, जानें वेदर अपडेट
Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega, 1 मार्च 2025: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार 01 मार्च की सुबह से कई इलाकों में तेज बारिश के साथ-साथ ठंडी हवाएं चल रही है। बारिश और ठंडी हवाओं के बाद मौसम एक बार फिर बदल गया है और लोगों को ठंड का अहसास हुआ है। इसके साथ ही यूपी के अलीगढ़ और आगरा समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे है।
वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में बर्फबारी के बाद सड़कें जाम हो गई है। उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा में हिमस्खलन भी हुआ है। हिमस्खलन के कारण कई लोग फंस गए थे, जिन्हें निकालने के रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था। वहीं, अब उत्तराखंड सरकार की तरफ से बताया गया है कि 33 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

इस बीच, हिमाचल के कुल्लू में पिछले 24 घंटे से निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश जारी है। बारिश के कारण कुल्लू में अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ है। जिसकी वजह से कई वाहन क्षतिग्रस्तहो गए, जिन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने नदियों और नालों के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन द्वारा बिजली, यातायात और पेयजल सेवाओं को बहाल करने की कोशिश की जा रही है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में ताजा हिमपात ने घाटी को बर्फ की सफेद चादर से ढक दिया। वही, डोडा के देसा इलाके में लगातार भारी बारिश के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।
इस बीच, आईएमडी ने बताया कि पूरे भारत में 10.9 मिमी बारिश हुई जो 1901 के बाद से 18वीं सबसे कम और 2001 के बाद से 5वीं सबसे कम बारिश थी। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश (1.2 मिमी) 1901 के बाद से 10वीं सबसे कम और 2001 के बाद से चौथी सबसे कम बारिश थी।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश से लेकर जम्मू-कश्मीर तक के इलाकों में बर्फबारी ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। सड़कों पर कई किमी तक बर्फ ही बर्फ जम गई है, इस वजह से राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कई सड़कें बंद कर दी गई हैं। शनिवार 1 मार्च को भी मौसम विभाग ने पूरे दिन भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश का अनुमान जताया है। IMD के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी ने हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली, ओलावृष्टि और भारी वर्षा के साथ गरज के साथ तूफान की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड और पंजाब में भी ऐसी ही स्थिति के साथ 12 सेमी तक बहुत भारी वर्षा हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 1 मार्च 2025 की सुबह तक 20 सेमी तक भारी वर्षा हो सकती है। पिछले 24 घंटों में पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे दोनों राज्यों में तापमान में गिरावट आई।
आईएमडी ने हरियाणा के विभिन्न जिलों में अधिक बारिश की भविष्यवाणी की है, जिनमें बहादुरगढ़, कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल, राजौंद, असंध, सफीदों, जिंद, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, हांसी, महम, सोनीपत, तोशाम, रोहतक, खरखौदा, भिवानी, चरखी दादरी, मट्टनहेल और झज्जर शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand weather: देहरादून समेत पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से लौटी ठंड,जानिए कब तक रहेगा ऐसा मौसम
बर्फबारी के कारण सड़कें बंद
इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शुक्रवार को बर्फबारी और बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन हुआ। कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने से प्रमुख सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हैं। अधिकारियों ने बताया कि लगातार तीन दिनों से हो रही बर्फबारी और बारिश के कारण राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है।
राज्य भर में लगभग 200 सड़कें बंद हो गई हैं। इससे कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और शिमला जिलों के कई इलाके हिमाचल प्रदेश के बाकी हिस्सों से अलग-थलग पड़ गए हैं। हिमाचल प्रदेश में आसमान में बादल छाए रहे तथा लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के साथ-साथ चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी और सिरमौर में भारी बर्फबारी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।
मौसम विभाग ने कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात भर हुई बर्फबारी के कारण शुक्रवार को रेल, हवाई और सड़क यातायात बाधित रहा। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन, मिट्टी के धंसने और पत्थर गिरने की खबरें मिली हैं।
ये भी पढ़ें: UP Weather Update: मौसम का पूर्वानुमान! लखनऊ, कानपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में होगी बारिश












Click it and Unblock the Notifications