देश के 7 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट, बिना जरूरत घर से बाहर ना निकलें लोग
नई दिल्ली। अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मध्य प्रदेश में भोपाल, सीहोर समेत 29 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट है। महाराष्ट्र में अब तक 2.5 लाख और कर्नाटक में 26 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया। दोनों राज्यों में बाढ़ राहत कार्यों के लिए 1 हजार सैन्यकर्मी तैनात हैं। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं तो वहीं केरल में भी स्थिति काफी गंभीर है।
कर्नाटक में भारी बारिश
कर्नाटक में भारी बारिश के कारण 15 जिलों में बाढ़ के हालात बन चुके हैं। बाढ़ में अब तक मरने वालों की संख्या 7 हो चुकी है। कृष्णा और उसकी सहायक नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई जगहों पर रेल और सड़क का संपर्क टूट गया है तो वहीं महाराष्ट्र के महाबलेश्वर ने लगातार दूसरे साल बारिश के मामले में मेघालय के चेरापूंजी को पीछे छोड़ दिया।
यह पढ़ें: IMD: केरल के कई जिलों में रेड अलर्ट, कोच्चि एयरपोर्ट बंद, आज भी नहीं खुले स्कूल
महाबलेश्वर ने चेरापूंजी को पीछे छोड़ दिया
इस साल 1 जून से 6 अगस्त तक महाबलेश्वर में 5755 मिमी बारिश हुई। वहीं सबसे ज्यादा बारिश के लिए मशहूर चेरापूंजी में 5184 मिमी बारिश हुई यानी महाबलेश्वर से 571 मिमी कम।
इन राज्यों में आज भी भारी बारिश की आशंका
इससे पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज देश के गुजरात कोंकण,गोवा, कर्नाटक ,राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की आशंका है यही नहीं देश के बाकी सभी स्थानों पर मॉनसून बना रहेगा।
13 अगस्त के बाद दिल्ली-एनसीआर में होगी झमाझम बारिश
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने के साथ उमस का दौर जारी रह सकता है, शुक्रवार सुबह यहां मौसम काफी सुहावना रहा, सुबह 28 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में 13 अगस्त के बाद ही भारी बारिश की उम्मीद की जा सकती है।
यह पढ़ें: Article 370: जम्मू में आज खुलेंगे स्कूल,रावत ने कहा- हालात नियंत्रण में