अंबानी 'अलीबाबा' तो कांग्रेस भाजपा विधायक 'चालीस चोर': आम आदमी पार्टी

सिसोदिया ने कहा कि जब कांग्रेस और भाजपा दोनों का असली चेहरा सामने आ ही गया है तो ये दोनों मिलकर सरकार बना लें। सिसोदिया ने आरोप लगाये कि कोयला घोटाला और राष्ट्रमंडल घोटाले में दोनों पार्टी के लोगों की मिली भगत रही है। इसके अलावा पार्टी नेताओं ने मीडिया को जानकारी दी कि आम आदमी पार्टी ने जनता के बीच अपनी पैठ बनाने और भ्रष्टाचारी नेताओं, अपराधियों, वंशवादियों और दंगाइयों को संसद से साफ करने के उद्देश्य से देशभर में 'झाड़ू चलाओ यात्रा' आयोजित करने का फैसला किया है। यह यात्रा 24 जिलों के 332 लोकसभा क्षेत्रों में 2,500 से ज्यादा स्थानों पर 15 से 23 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी।
पार्टी का कहना है कि 'झाड़ू चलाओ यात्रा' का लक्ष्य लोकसभा, विधान सभा, शहर, कस्बा एवं गांव स्तर तक आप के लक्ष्य का प्रचार करना और देश के हर नागरिक को भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए तैयार करना एवं भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कांग्रेस तथा भाजपा की मिलीभगत का पदार्फाश करना है।
इस यात्रा के केंद्रीय प्रभारी एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा, "देश भर में झाड़ू यात्रा आयोजन के संबंध में पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट किया गया है। इस अभियान के दौरान पार्टी के सदस्य या समर्थक अपने इलाके में लोगों की टोली बनाकर हाथ में झाड़ू लेकर लोगों को पर्चे बांटते हुए 'झाड़ू चलाओ यात्रा' निकालेंगे" उन्होंने कहा, "सदस्य या समर्थक पूरे देश की जनता से अपील करेंगे कि वे संसद को भ्रष्टाचारी नेताओं, अपराधियों, वंशवादियों और दंगाइयों से साफ करने में आप का सहयोग करें तथा भ्रष्टाचारियों के खिलाफ मजबूत जन लोकपाल विधेयक का मिलकर विरोध करने वाली कांग्रेस एवं भाजपा को चुनाव में हराकर भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने का रास्ता साफ करें।"
राय ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक वाहनों से भी झाड़ू चलाओ यात्रा निकाल सकते हैं, जिसमें उनके वाहन के दोनों तरफ झाड़ू यात्रा के होर्डिंग्स लगाए जाएंगे, अगर सम्भव हुआ तो लाउडस्पीकर तथा माइक का भी इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान से रूबरू हो सकें। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का आयोजन लोकसभा, विधानसभा स्तर के साथ-साथ प्रखंड, ग्राम और वार्ड स्तर पर भी किया जाएगा और यात्रा के दौरान नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए आवेदन पत्र भी भरवाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications