Bihar News: पटना में वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत की तैयारी, भावनगर में हुआ ऐतिहासिक समझौता
पटना में आने वाली वाटर मेट्रो सेवा का लक्ष्य शहरी परिवहन में क्रांति लाना और पर्यावरण के अनुकूल जहाजों के साथ पर्यटन को बढ़ावा देना है। परियोजना में उन्नत तकनीक और भविष्य में विस्तार की योजनाएं शामिल हैं।
बिहार की राजधानी पटना में जल्द ही वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत होने जा रही है, जिससे शहरी परिवहन और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए बिहार सरकार के पर्यटन विभाग और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के बीच 19 सितंबर को गुजरात के भावनगर में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य पटना में एक पर्यावरण-अनुकूल, सुरक्षित और आधुनिक शहरी जल परिवहन प्रणाली का विकास करना है। इसके तहत अत्याधुनिक हाइब्रिड इलेक्ट्रिक कैटामरान जलयान ‘MV निशादराज’ जैसे पोतों का संचालन किया जाएगा, जो बैटरी और हाइब्रिड मोड दोनों में चलने में सक्षम हैं। शून्य कार्बन उत्सर्जन सुनिश्चित करने वाली यह सेवा करीब 100 यात्रियों की क्षमता, जिनमें 2 व्हीलचेयर उपयोगकर्ता भी शामिल पूरी तरह वातानुकूलित और आरामदायक सुविधाओं से लैस
भावनगर में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री सर्वानंद सोनोवाल और श्री मनसुख मांडवीय की उपस्थिति में 908 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के लिए MoU पर IWAI के चेयरमैन श्री सुनील कुमार सिंह और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री नंद किशोर ने हस्ताक्षर किए। पर्यटन मंत्री श्री राजू कुमार सिंह ने कहा, "यह परियोजना पटना में पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी और शहरी परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि होगी।" वहीं, पर्यटन सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि वाटर मेट्रो दीघा घाट से कंगन घाट तक चलेगी, जिसमें NIT घाट और गायघाट भी शामिल होंगे। इसका ट्रायल जल्द ही पटना में शुरू किया जाएगा।
भविष्य की योजनाएं
भविष्य में दस और स्थानों को इस परियोजना में शामिल करने की योजना है, जिससे पटना के जल पर्यटन सिस्टम में क्रांतिकारी बदलाव की उम्मीद है। इससे न केवल प्रदूषण और यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि स्थानीय विकास को भी नई गति मिलेगी। पटना देश के उन 18 चुनिंदा शहरों में शामिल है जहाँ दक्ष और आधुनिक शहरी जल परिवहन प्रणाली विकसित की जा रही है। यह पहल न केवल तकनीकी दृष्टि से उन्नत है, बल्कि पर्यावरण और पर्यटन के क्षेत्र में भी एक मिसाल कायम करेगी।












Click it and Unblock the Notifications