मंदी के इस दौर में 50 हजार लोगों को नौकरी देगी ये बड़ी कंपनी
नई दिल्ली: कोरोना महामारी की वजह से पूरी दुनिया में बड़े पैमाने पर आर्थिक मंदी आने वाली है। जिस वजह से लाखों नौकरियां जाएंगी। वहीं इस सबके बीच वालमार्ट ने एक राहत भरी खबर दी है, जिसके तहत वो 50 हजार नए कर्मचारियों की भर्ती करेगा। इन भर्तियों को हाल ही में लॉकडाउन में बढ़ी डिमांड की वजह से किया जा रहा है, ताकी लोगों तक समय से सामान की डिलीवरी की जा सके। अगर कोरोना की वजह से लॉकडाउन लंबे वक्त तक चलता है, तो कंपनी की डिमांड में और बढ़ोतरी हो सकती है।
पहले से हैं 15 लाख कर्मचारी
दरअसल कोरोना की वजह से दुनिया के कई देशों ने लॉकडाउन कर रखा है। ऐसे में बाजार बंद हैं और ऑनलाइन खरीदारी बढ़ गई है। इस वजह से अब वालमार्ट 50 हजार कर्मचारियों की भर्ती करने जा रहा है। वालमार्ट के अधिकारियों के मुताबिक ग्रोसरी, इलेक्ट्रानिक सामान जैसे ट्रिमर आदि की डिमांड काफी बढ़ गई है। अभी उनके पास 15 लाख कर्मचारी हैं, लेकिन डिमांड की वजह से और कर्मचारियों की जरूरत पड़ रही है। जिस वजह से उन्होंने अतिरिक्त भर्तियां करने का फैसला लिया है।
5000 लोगों को रोज नौकरियां देता है वालमार्ट
वालमार्ट अधिकारियों के मुताबिक उनकी कंपनी रोजाना 5000 लोगों को नौकरी देती है, जबकि करीब 10 लाख लोगों ने उनके पास आवेदन किया था। वहीं वालमार्ट ने साफ कर दिया है कि अभी होने वाली भर्तियों में 85 प्रतिशत अस्थायी और पार्ट टाइम हैं, लेकिन आने वाले वक्त में उन्हें स्थायी किया जा सकता है। इन भर्तियों में ड्राइवर, कैशियर, स्टाकर आदि शामिल हैं। वहीं इससे पहले मार्च में कंपनी ने 1.5 लाख कर्मचारियों की भर्ती और स्थायी कर्मचारियों को 300 डॉलर का बोनस देने का ऐलान किया था।
कई कंपनियों में बड़े पैमाने पर चल रही छंटनी
दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 22 लाख के पार जा चुकी है। कोरोना की वजह से ज्यादातर देशों ने लॉकडाउन कर रखा है। ऐसे में इस साल दुनिया में होने वाले कारोबार में 13-32 फीसदी तक गिरावट आएगी। वहीं कोरोना की वैक्सीन जब तक नहीं बन जाती, तब तक ऐसा ही हाल रहने की आशंका है। वहीं ग्लोबल इकोनॉमी के लिए 2020 मंदी का सबसे बड़ा साल होगा। इस दौरान करोड़ों नौकरियां जाने की संभावना है। वहीं इस संकट के दौर में ऑनलाइन कंपनियों के व्यापार में कई गुना बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों में अन्य ऑनलाइन कंपनियां भी नई नौकरियों का ऑफर दे सकती हैं।