सना के बाद 'गुमनाम टीचर' के बयान से विवेक तिवारी मर्डर केस में आया नया मोड़
यूपी की राजधानी लखनऊ में एप्पल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या के मामले में अब नए तथ्य उभरकर सामने आ रहे हैं।
Recommended Video

नई दिल्ली। यूपी की राजधानी लखनऊ में एप्पल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या के मामले में अब नए तथ्य उभरकर सामने आ रहे हैं। विवेक तिवारी की पूर्व सहकर्मी सना खान के खुलासों के बाद अब एक टीचर के बयान से इस मामले में नया मोड़ आ गया है। दरअसल, एक निजी कॉलेज के शिक्षक ने मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि आरोपी दोनों पुलिसकर्मी रात में राहगीरों से अवैध वसूली करते थे। शिक्षक ने बताया कि वह खुद भी इन दोनों की अवैध वसूली का शिकार हो चुका है।

शिक्षक ने किया बड़ा खुलासा
न्यूज वेबसाइट एनबीटी में छपी खबर के मुताबिक एक निजी कॉलेज के शिक्षक ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि जिस रात विवेक तिवारी की हत्या हुई, उसी रात दोनों सिपाहियों ने उनसे धमकी देते हुए 3 हजार रुपए ऐंठे थे। शिक्षक ने बताया कि वो अपने कुछ दोस्तों के साथ एक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। लौटते हुए उन्होंने एक पान की दुकान से सिगरेट ली। इसके कुछ देर बाद ही दोनों पुलिसकर्मी वहां आ गए और धमकाते हुए हमसे 3000 रुपए ऐंठ लिए।

कहीं इस वजह से तो नहीं गई विवेक की जान
शिक्षक ने बताया कि उन्हें शक हुआ कि पान वाले ने ही फोन से पुलिसकर्मियों को सूचना दी थी। शिक्षक ने बताया कि हो सकता है कि वो पान वाला ही शिकार भांपकर पुलिसकर्मियों को सूचना देता हो। शिक्षक के बयान से अब इस केस में एक नया मोड़ आ गया है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं विवेक तिवारी की हत्या अवैध वसूली के फेर में तो नहीं की गई।

जेल भेजे जा चुके हैं दोनों आरोपी
आपको बता दें कि यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात प्रशांत चौधरी ने बीते शुक्रवार की रात लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में एप्पल के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी को गोली मार दी थी। घटना के वक्त एक दूसरा सिपाही संदीप कुमार भी प्रशांत के साथ मौजूद था। दोनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications