Chhattisgarh News: बच्चों की मुस्कान बनी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साई ने जशपुर के बगीचा बालक आश्रम में छात्रों के साथ जुड़कर अपना 62वां जन्मदिन मनाया। इस यात्रा ने पारिवारिक माहौल बनाया क्योंकि उन्होंने केक साझा किया, बच्चों के साथ शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के बारे में बात की, और उन्हें समर्पण के साथ सपनों का पीछा करने का आग्रह किया, जिससे छात्रों पर स्थायी प्रभाव पड़ा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिन जशपुर के बगिया स्थित बालक आश्रम के बच्चों के बीच मनाकर इस दिन को खास बना दिया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा आश्रम परिसर एक पारिवारिक माहौल में बदल गया।

जैसे ही मुख्यमंत्री आश्रम पहुंचे, बच्चे उत्साह के साथ उनकी ओर दौड़ पड़े। माहौल औपचारिक न होकर आत्मीयता से भरा हुआ था। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा, उनसे बातचीत की और उनके सपनों के बारे में जाना। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और रुचियों पर चर्चा की तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाई। उन्होंने बच्चों के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, बड़े सपने देखें और जीवन में आगे बढ़कर अपने परिवार व प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों की मुस्कान ही उनके जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। उनके इन शब्दों ने बच्चों के मन में गहरा प्रभाव छोड़ा।
आश्रम में उस समय का दृश्य किसी पारिवारिक उत्सव जैसा प्रतीत हो रहा था। बच्चों ने भी पूरी सहजता के साथ मुख्यमंत्री से बातचीत की और अपनी खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री की इस आत्मीय पहल ने बच्चों के मन में विश्वास और प्रेरणा का भाव जगाया।
उल्लेखनीय है कि बालक आश्रम, बगिया में कक्षा पहली से पांचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुंचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक और गर्व का क्षण बन गया।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आश्रम के शिक्षक व स्टाफ मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications