राजकुमार हिरानी पर मीटू के सवाल से बच निकले विधु विनोद चोपड़ा, बोले- समय आने पर करूंगा बात
मुंबई। बॉलीवुड के जाने माने प्रोड्यूसर विधु विनोद चोपड़ा फिल्म एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा के दूसरे ट्रेलर लॉन्च के लिए सोमवार मुंबई में एक कार्यक्रम में थे। इस दौरान जब उनसे फिल्म मेकर राजकुमार हिरानी पर मीटू के आरोपों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे सीधे इस टाल दिया। दरअसल हाल ही में राजकुमार हिरानी पर एक महिला द्वारा सेक्सुअल असॉल्ट के आरोप लगाए गए हैं।
क्या बोले विधु विनोद चोपड़ा?
इस कार्यक्रम में विधु विनोद चोपड़ा से जब पूछा गया कि राजकुमार हिरानी पर लगे मीटू के आरोपों के बारे में वे क्या कहना चाहते हैं तो चोपड़ा ने बात को टाल दिया। उन्होंने कहा- जब सही वक्त आएगा तब हम इस पर जरूर बात करेंगे। बता दें कि हिरानी पर एक महिला ने आरोप लगाया है कि फिल्म संजू के बनाए जाने के समय वे हिरानी को असिस्ट कर रही थीं जब उनके साथ सेक्सुअल असॉल्ट हुआ।
'ये सब बातें क्यों करें, हमारे लिए अभी कुछ और जरूरी है'
हिरानी पर मीटू के आरोपों से जुड़े सवाल पर विधु विनोद चोपड़ा ने कहा कि- ये मंच किसी और चीज के लिए है जो हमारे लिए बहुत खास है। उतना ही खास है जितना आपके द्वारा पूछा जा रहा सवाल। इस समय ये सब बातें न करें। सही समय आएगा तभी हम इस मुद्दे पर बात करेंगे। चोपड़ा फिल्म एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा के दूसरे ट्रेलर लॉन्च के लिए पहुंचे थे। इस फिल्म में अनिल कपूर, सोनम कपूर, जूही चावला, राजकुमार राव, अक्षय ओबरॉय और रेगीना कसांड्रा हैं। ये फिल्म 1 फरवरी को रिलीज होनी है।
मीटू के घेरे में आए ये बड़े नाम
मीटू की मुहीम के तहत बॉलीवुड के कई बड़े नाम आरोपों में घिर गए। इसमें साजिद खान, आलोक नाथ, नाना पाटेकर, अनु मलिक, कैलाश खेर और भी कई लोग शामिल हैं। इस मुहीम की शुरुआत तब हुई जब अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर मार पीट और असॉल्ट का आरोप लगाया।