कश्मीर से आया नया वीडियो, आतंकियों ने पुलिसकर्मियों का सिर मुड़वाया
शोपियां में सर्च ऑपरेशन के बीच ही आया एक नया वीडियो जिसमें दो आतंकी जम्मू कश्मीर पुलिस के एसपीओ का सिर शेव कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो और लोगों में बढ़ा डर।
श्रीनगर। शोपियां में सेना के कॉम्बिंग ऑपरेशन के बीच ही एक नया वीडियो सामने आया है जिसने लोगों को डराकर रख दिया है। इस नए वीडियो ने सोशल मीडिया पर आते ही हड़कंप मचा दिया है। इस वीडियो में आतंकी दो युवकों का सिर शेव करते नजर आ रहे हैं और कहा जा रहा है कि ये दोनों युवक जम्मू कश्मीर पुलिस के एसपीओ हैं। हालांकि अभी इस वीडियो की पुष्टि होनी बाकी है।
लोगों में डर का माहौल
इस नए वीडियो के सामने आने के बाद से ही लोगों में डर का माहौल है और एक बार फिर से सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए लोगों के डराने की कोशिशें की जा रही हैं। वीडियो में जो आतंकी नजर आ रहा है उसने सेना की यूनिफॉर्म की तर्ज पर कपड़े हुए हैं। गुरुवार को भारतीय सेना ने अपना सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन साउथ कश्मीर के शोपियां में चलाया है। सेना का यह ऑपरेशन 90 के दशक के बाद शुरू हुआ सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन है जिसमें 3,000 सेना के और 1,000 जवान सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस के शामिल हैं। यह ऑपरेशन साउथ कश्मीर से आतंकियों को खदेड़ने के लिए शुरू किया गया है।
शोपियां में 4,000 सुरक्षाकर्मी
शोपियां में इस समय करीब सुरक्षाबल के 4,000 जवान मौजूद हैं। 90 के दशक में जब कश्मीर में चरमपंथी ताकतों ने सिर उठाना शुरू किया तो उस समय इसी तरह का सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। एक बार फिर से इसी तरह का ऑपरेशन चलाया गया है और यह ऑपरेशन इस बात को बताने के लिए काफी है कि कश्मीर के हालात किस कदर बिगड़ते जा रहे हैं। दरअसल पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें करीब 30 आतंकी नजर आए थे। यह वीडियो शोपियां में ही शूट हुआ था। आतंकियों ने शोपियां के लोगों और नेताओं को धमकी दी हुई है कि वह उस मुहिम का हिस्सा बनें जो उन्होंने इस जिले को 'आजाद कश्मीर' घोषित करने के लिए छेड़ी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications