मुंबई मेट्रो स्टेशन पर महिला के साथ कांग्रेस पार्षद ने की हाथापाई, वीडियो वायरल
मुंबई। कांग्रेस पार्षद का महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमे देखा जा सकता है कि कांग्रेस के पार्षद विक्रांत चव्हाण एक महिला के साथ मुंबई के मेट्रो स्टेशन पर मारपीट कर रहे हैं। विक्रांत चव्हाण का यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के वीडियो को एक पत्रकार ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। पत्रकार ने इस पूरी घटना के बारे में सोशल मीडिया पर ट्वीट के जरिए जानकारी दी है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे कांग्रेस पार्षद अपना आपा खो बैठते हैं और महिला के साथ मारपीट करने लगते हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि चव्हाण मेट्रो स्टेशन पर हंगामा कर रहे थे और इस दौरान वह यहां के एक स्टाफ कर्मचारी पर चिल्ला रहे थे। पत्रकार ने अपने ट्वीट कहा कि महिला ने शांति से इस पूरे विवाद के बीच में हस्तक्षेप किया तो चव्हाण ने महिला से कहा कि आप इस मसले से दूर रहिए। लेकिन इसके बाद महिला ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जिसके बाद नाराज पार्षद साहब ने महिला के हाथ पर हमला कर दिया और उन्हें वीडियो शूट करने से रोकने की कोशिश की। इस पूरी घटना का वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग पार्षद साहब के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं।
वहीं इस घटना पर विक्रांत चव्हाण ने सफाई दी है। उनका कहना है कि मेरा मेट्रो टिकट वेंडिंग मशीन में अटक गया था, जिसके बाद मेरी वहां के कर्मचारी से बहस हो गई थी। लेकिन इस दौरान एक महिला ने मेरा वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मैंने उसके मोबाइल फोन को अलग हटाने के लिए फोन पर धक्का मारा था। अगर मैं गलत हूं तो महिला मेरे खिलाफ शिकायत कर सकती है। लेकिन अगर मैं गलत नहीं हूं तो मैं इसके खिलाफ कार्रवाई करूंगा।
इसे भी पढ़ें- CAA और आर्टिकल 370 पर मालदीव के विदेश मंत्री ने कही ये बात