उपराष्ट्रपति चुनाव: मार्गरेट अल्वा की सांसदों से अपील, कहा- 'बिना डरें मुझे करें वोट'
नई दिल्ली, 4 अगस्त: उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां जारी हैं। एक ओर जहां एनडीए ने जगदीप धनखड़ को मैदान में उतारा है, तो वहीं विपक्षी दलों ने एकजुट होकर मार्गरेट अल्वा को आगे किया। अल्वा ने चुनाव से दो दिन पहले यानी गुरुवार को एक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने सभी सांसदों से बिना डरे वोट करने का निवेदन किया। इस चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य वोट देते हैं।

अल्वा ने दोनों सदनों के सदस्य के रूप में अपने काम के बारे में बताते हुए कहा कि भारत के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में उम्मीदवार बनना मेरे लिए एक सम्मान की बात है। उन्हें बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति का चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है, इसे संसद चलाने के तरीके पर जनमत संग्रह के रूप में देखा जाना चाहिए। मौजूदा वक्त में सदस्यों के बीच कम्यूनिकेशन ना के बराबर है। जिस वजह से लोगों की नजर में संसद कमजोर हो जाती है।
अल्वा ने आगे कहा कि इस चुनाव में सभी सदस्य गुप्त मतदान करें और किसी से बिना डरे उनको वोट दें। अगर वो चुनाव जीत जाती हैं, तो वो राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर आम सहमति बनाएंगी। इसके अलावा संसद के गौरव को बहाल करने के लिए प्रत्येक सांसद के साथ काम करेंगी। इससे पहले उन्होंने कहा था कि इस समय देश में 'अनौपचारिक आपातकाल' लगा हुआ है। ये बदलाव का समय है। ये कोई टोकन फाइट नहीं है।
इस चुनाव में नहीं लागू होता व्हिप
आपको बता दें कि राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव में व्हिप जारी नहीं होता है। ऐसे में सांसद अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट दे सकते हैं। अगर वो पार्टी की विचारधारा के खिलाफ जाकर क्रास वोटिंग करते हैं, तो भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी।












Click it and Unblock the Notifications