कौन बनेगा उपराष्ट्रपति? NDA के इन दो दिग्गज नेताओं को मिली उम्मीदवार चुनने की बड़ी जिम्मेदारी
Vice President Next: देश के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार तय करने की पूरी जिम्मेदारी दे दी है। यानी अब पीएम नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा देश के अगले उपराष्ट्रपति का चुनाव करेंगे। यह फैसला एनडीए की संसदीय बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की।
NDA की अहम बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए के उम्मीदवार का चयन करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हाल ही में स्वास्थ्य कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

#WATCH | Delhi | Union Parliamentary Affairs Minister Kiren Rijiju says, "Special Intensive Revision (SIR) of Electoral Rolls has happened numerous times...In Maharashtra, the same electoral rolls when the Congress party and its allies won a majority of the seats in the Lok… pic.twitter.com/FwCbtfKAJ7
— ANI (@ANI) August 7, 2025
किरेन रिजिजू ने NDA की बैठक को लेकर क्या कहा?
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा,
"भारत के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है। मतदान 9 सितंबर को होगा और मतगणना भी उसी दिन होगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एनडीए संसदीय दल की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि एनडीए ने उम्मीदवार के चयन सहित अन्य प्रक्रिया शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा को अधिकृत कर दिया है। प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए फैसलों को एनडीए के सभी दल स्वीकार करेंगे।"
NDA को संख्याबल में बढ़त
उपराष्ट्रपति का चुनाव एक विशेष इलेक्टोरल कॉलेज द्वारा किया जाता है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित एवं मनोनीत सांसद शामिल होते हैं। वर्तमान में संसद में कुल 788 सांसद हैं (लोकसभा में 543 और राज्यसभा में 245)। इसमें NDA को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है, इसलिए उसके उम्मीदवार की जीत की संभावना अधिक मानी जा रही है।
हालांकि NDA को संख्याबल का फायदा है, लेकिन विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक भी अपना उम्मीदवार मैदान में उतार सकता है। यह चुनाव उनके लिए भी एक रणनीतिक मौका होगा कि वे अपने विचारधारा और एकजुटता का संदेश देशभर में दें।
उपराष्ट्रपति चुनाव 2025: चुनाव आयोग ने जारी की अधिसूचना
चुनाव आयोग ने 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
- नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि: 21 अगस्त
- नामांकन की जांच: 22 अगस्त
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 25 अगस्त
- मतदान और मतगणना: 9 सितंबर
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे से शुरू हुआ चुनावी सिलसिला
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अगस्त 2022 में कार्यभार संभाला था और उनका कार्यकाल 2027 तक था। उनके अचानक इस्तीफे के बाद 60 दिनों के भीतर चुनाव कराना संवैधानिक रूप से अनिवार्य है।
कैसे होता है उपराष्ट्रपति का चुनाव?
अनुच्छेद 66(1) के तहत उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्यों द्वारा गुप्त मतदान और एकल संक्रमणीय मत प्रणाली (Single Transferable Vote) के जरिए किया जाता है।
NDA की बैठक में और क्या-क्या हुआ?
NDA की बैठक में केवल उम्मीदवार चयन ही नहीं, बल्कि मतदान से पहले समन्वय और प्रशिक्षण पर भी चर्चा की गई। चूंकि उपराष्ट्रपति का चुनाव गुप्त मतदान के जरिए होता है और इस प्रक्रिया में पार्टी व्हिप जारी नहीं किया जा सकता, इसलिए एनडीए सभी सांसदों को मतदान की सही प्रक्रिया समझाने के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर रहा है ताकि कोई वोट अमान्य न हो।
एनडीए ने हाल ही में कुछ सदन वोटों में झटके झेले हैं, इसलिए इस बार पूरी सतर्कता बरती जा रही है। बुधवार (06 अगस्त) को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने बिना शर्त एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की, जिससे एनडीए के पक्ष में संख्या बल और मजबूत हो गया है।
बैठक में जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे, मिलिंद देवड़ा, प्रफुल्ल पटेल, चिराग पासवान, उपेन्द्र कुशवाहा, राम मोहन, ललन सिंह, अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल और रामदास आठवले शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications