'राधाकृष्णन बहुत विनम्र नेता हैं, इनका सपोर्ट कीजिए', PM मोदी ने आखिर विपक्षी पार्टियों से क्यों मांगा समर्थन?
Vice President (CP Radhakrishnan): उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (19 अगस्त) को विपक्षी दलों से अपील की कि वे एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करें ताकि नए राज्यसभा सभापति का चुनाव सर्वसम्मति से हो सके। पीएम मोदी ने विपक्ष से अपील की है कि सीपी राधाकृष्णन बहुत विनम्र नेता हैं इसलिए इनका समर्थन कीजिए।
पीएम मोदी ने एनडीए की संसदीय बैठक में कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सभी दलों के नेताओं से लगातार बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने राधाकृष्णन को "बेहद विनम्र और निष्कलंक जीवन जीने वाला नेता" बताते हुए कहा कि वह उपराष्ट्रपति पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं।

🔴 उपराष्ट्रपति चुनाव: NDA की नई रणनीति, राजनाथ सिंह जुटा रहे विपक्ष का समर्थन
उपराष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर एनडीए ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सीपी राधाकृष्णन की घोषणा के बाद अब पार्टी उनकी जीत पक्की करने के लिए सक्रिय हो गई है। भाजपा ने इस जिम्मेदारी का भार अपने सबसे भरोसेमंद और वरिष्ठ नेता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सौंपा है।
सोमवार (18 अगस्त) को राजनाथ सिंह ने विपक्षी और सहयोगी दलों से संपर्क साधते हुए राधाकृष्णन के पक्ष में समर्थन जुटाने की कवायद शुरू की। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और बीजेडी प्रमुख व ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से फोन पर बात की। साथ ही उन्होंने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से भी बातचीत की। जगन की पार्टी वाईएसआरसीपी के पास 11 सांसद हैं और उन्होंने एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने का भरोसा दिया है।
सूत्रों के मुताबिक राजनाथ सिंह ने इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी संपर्क साधा था। वहीं देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की क्षेत्रीय पार्टियों से अपील की है कि वे राधाकृष्णन के पक्ष में मतदान करें। इसमें खासतौर पर शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की एनसीपी शामिल हैं, जो वर्तमान में इंडिया ब्लॉक का हिस्सा हैं।
एनडीए की इस रणनीति से साफ है कि भाजपा किसी भी तरह उपराष्ट्रपति चुनाव में सर्वसम्मति का माहौल बनाना चाहती है और विपक्ष के गढ़ में भी सेंध लगाने की कोशिश कर रही है।
🔴 पीएम नरेंद्र मोदी ने दी सीपी राधाकृष्णन शुभकामनाएं
सोमवार (18 अगस्त) दिल्ली में सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा-"सीपी राधाकृष्णन जी से मिला। एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनका लंबे समय का सार्वजनिक सेवा का अनुभव और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देश को समृद्ध करेगा। वे हमेशा की तरह समर्पण और संकल्प के साथ राष्ट्र की सेवा करते रहें।"
रविवार (17 अगस्त) को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में, जिसमें पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित वरिष्ठ नेता मौजूद थे, एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया।
🔴 INDIA ब्लॉक ने उपराष्ट्रपति पद के लिए पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज सुदर्शन रेड्डी को बनाया उम्मीदवार
जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष से एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करने की अपील की, वहीं विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। विपक्ष ने इस पद के लिए पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है।
सुदर्शन रेड्डी सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त होने से पहले गुवाहाटी हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं। इसके अलावा वे आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट में भी न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
INDIA ब्लॉक के इस फैसले से अब उपराष्ट्रपति पद की जंग और दिलचस्प हो गई है, क्योंकि यह मुकाबला सीधे तौर पर एनडीए बनाम विपक्ष के बीच होने जा रहा है।
🔴 समझिए संसद का नंबर गेम, NDA का पलड़ा भारी
जहां तक आंकड़ों का सवाल है, एनडीए का पलड़ा साफ तौर पर भारी है। लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर कुल सदस्यों की संख्या 786 है, जिसमें बहुमत के लिए 394 वोट चाहिए। फिलहाल लोकसभा में 543 की जगह 542 सांसद हैं...क्योंकि एक सीट खाली है।
वहीं राज्यसभा में 245 की जगह 240 सांसद हैं क्योंकि 5 सीट खाली है। ऐसे में दोनों सदनों में वर्तमान में 782 सांसद हैं और बहुमत का आंकड़ा 391 है।
एनडीए के पास दोनों सदनों में कुल 422 सदस्य हैं - जिसमें 293 लोकसभा में और 129 राज्यसभा में। वहीं विपक्ष के पास 312 सांसद हैं, ऐसे में संसद के नंबर गेम में NDA की जीत साफ है।












Click it and Unblock the Notifications