VP Election 2025: उपराष्ट्रपति चुनाव में ओवैसी और जगन रेड्डी किसका देंगे साथ, अब खुद दोनों ने कर दिया खुलासा?
Vice President Election 2025 (CP Radhakrishnan B Sudarshan Reddy): उपराष्ट्रपति चुनाव 09 सितंबर को होने वाले हैं, इसको लेकर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। एक ओर जहां एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने खुलकर विपक्षी गठबंधन INDIA Bloc के उम्मीदवार पूर्व जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।
वहीं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी का वोट एनडीए (NDA) उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को जाएगा।

ओवैसी ने "फेलो हैदराबादी" बताकर किया रेड्डी का समर्थन
शनिवार को असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जानकारी दी कि उन्हें तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के कार्यालय से फोन आया और उनसे आग्रह किया गया कि वे जस्टिस सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति पद के लिए समर्थन दें।
ओवैसी ने न्यायमूर्ति रेड्डी को न सिर्फ एक "फेलो हैदराबादी" बल्कि एक "सम्मानित न्यायविद" बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी एआईएमआईएम पूरी मजबूती के साथ INDIA Bloc उम्मीदवार के साथ खड़ी है।
ओवैसी ने लिखा, ''तेलंगाना सीएम ए. रेवंत रेड्डी ने मुझसे बात की और अनुरोध किया कि हम उपराष्ट्रपति के रूप में न्यायमूर्ति सुदर्शन रेड्डी का समर्थन करें। इसलिए मैं और मेरी aimim न्यायमूर्ति रेड्डी, जो एक हैदराबादी और सम्मानित न्यायविद हैं, को अपना समर्थन देगा। मैंने भी न्यायमूर्ति रेड्डी से बात की और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।''
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को 19 अगस्त को विपक्षी गठबंधन की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। उन्होंने आंध्र प्रदेश में वकालत करने के बाद गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर सेवाएं दीं और जनवरी 2007 में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बने। वे जुलाई 2011 में रिटायर हुए।
जगन मोहन रेड्डी ने ठुकराया INDIA Bloc का प्रस्ताव
चुनाव से पहले जस्टिस सुदर्शन रेड्डी ने 31 अगस्त को वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी को फोन कर समर्थन मांगा। लेकिन, जगन ने साफ कर दिया कि वे पहले ही एनडीए प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं।
जगन ने सुदर्शन रेड्डी के प्रति व्यक्तिगत सम्मान जताते हुए कहा कि -वे न्यायपालिका के माध्यम से राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लेकिन उनकी राजनीतिक स्थिति के कारण, वे इस चुनाव में उनका समर्थन नहीं कर पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इसे किसी तरह की गलतफहमी या व्यक्तिगत असहमति के रूप में न देखा जाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने 12 अगस्त को महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया। यह चुनाव दरअसल उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के मध्यावधि इस्तीफे के चलते हो रहा है। धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ा।
जहां एक ओर असदुद्दीन ओवैसी ने अपने साथी हैदराबादी और पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज सुदर्शन रेड्डी को समर्थन देकर INDIA Bloc की ताकत बढ़ाई है, वहीं जगन मोहन रेड्डी ने पहले ही एनडीए के पाले में खड़े होकर बीजेपी का पलड़ा और भारी कर दिया है। अब देखना यह होगा कि 9 सितंबर को होने वाले चुनाव में सत्ता और विपक्ष की इस वैचारिक टक्कर का क्या नतीजा निकलता है।
आंकड़ों का खेल -किसकी होगी जीत?
उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों से बने निर्वाचन मंडल द्वारा होता है। संख्याबल की बात करें तो एनडीए के पास संसद में स्पष्ट बहुमत है, जिससे उसका उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन आराम से चुनाव जीत सकता है। हालांकि, विपक्ष ने इसे महज चुनाव नहीं बल्कि "आदर्शों की जंग" बताया है।












Click it and Unblock the Notifications