राम मंदिर मामले पर मोदी से सहमत नहीं विश्व हिन्दू परिषद, कहा- कानून बनाओ
नई दिल्ली। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए सरकार कानून लाए, इस पर अनंतकाल तक इंतजार नहीं किया जा सकता है। विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने बुधवार को ये बात कही है। कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री के एक दिन पहले दिए बयान से भी असहमति जताई, जिसमें उन्होंने कहा है कि राम मंदिर के मुद्दे पर अध्यादेश का फैसला कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट में 69 साल से चल रहा विवाद
अलोक कुमार ने कहा, अयोध्या में 69 सालों से विवाद चल रहा है, ये बहुत लंबा हो गया है। सुप्रीम कोर्ट से जब जल्दी सुनवाई की मांग की गई तो उसे भी स्वीकार नहीं किया गया। अदालत ने कहा कि ये मामला उसकी प्राथमिकता में नहीं हैं। इस सबसे लगता है कि कोर्ट के जरिए इस मामले में जल्दी कोई हल नहीं निकलने वाला है।

कुंभ में संतो से करेंगे बात
विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, राम मंदिर के लिए हिन्दू अनंतकाल पर प्रतीक्षा नहीं कर सकता । ससंद कानून बनाकर मंदिर बनाने का रास्ता अभी साफ करे। जब तक ऐसा नहीं होता, विहिप कोशिश करती रहेगी, आंदोलन करती रहेगी। प्रयागराज में कुंभ के दौरान 31 जनवरी और 1 फरवरी को धर्मसंसद में संतों के साथ मिलकर इस पर बात की जाएगी और तय किया जाएगा कि कैसे इस मामले पर हल निकले और मदिर बनने का रास्ता साफ हो।

ये बोले नरेंद्र मोदी
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा, हम घोषणापत्र में कह चुके हैं कि कानूनी प्रक्रिया के तहत राम मंदिर मसले का हल निकाला जाएगा। पहले कानून प्रक्रिया पूरी होने दीजिए, उसके बाद अध्यादेश के बारे में विचार किया जाएगा। इस पर अभी अध्यादेश का सरकार का विचार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications