Bollywood Sad news: दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का निधन, 98 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
मुंबई, 07 जुलाई। बॉलीवुड से फिर एक दुखद खबर है, हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार दिलीप कुमार का आज सुबह निधन हो गया है। बुधवार को दिलीप कुमार ने 98 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बता दें कि लंबे वक्त से दिलीप कुमार बीमार चल रहे थे। दिलीप कुमार ने आज सुबह 7.30 बजे मुंबई के खार हिंदुजा अस्पताल में दुनिया को अलविदा कहा, उनके निधन की पुष्टि उनका इलाज कर रहे डॉ. पार्कर ने की। दिलीप कुमार के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है।
Recommended Video

दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का निधन
बता दें कि रविवार को दिलीप कुमार की तबीयत बिगड़ गई थी, उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टरों ने कहा था कि दिलीप कुमार को बाइलेटरल प्लूरल इफ्यूजन हुआ है, जिसके चलते उनके फेफड़ों के पास द्रव भर गया है और इसी वजह से उनको सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।

दिलीप कुमार आज अपनी जिंदगी की जंग हार गए
लेकिन डॉक्टरों ने कहा था कि चिंता की बात नहीं है, उन पर इलाज असर कर रहा है और अगर ऐसा रहा तो वो जल्द ही ठीक हो जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ और वो आज अपनी जिंदगी की जंग हार गए, मालूम हो कि एक महीने में दो बार दिलीप कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सायरा बानो ने किया था Tweet
जबकि दो दिन पहले ही दिलीप कुमार की पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक नोट साझा किया था। जिसमें उन्होंने लोगों को प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद कहा था, उन्होंने लिखा कि मेरे पति, मेरे कोहिनूर, हमारे दिलीप कुमार साहब की सेहत स्थिर है और डॉक्टरों ने मुझे आश्वासन दिया है कि उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी।

दुआ कबूल नहीं हुई
सोमवार को मेगास्टार धर्मेंद्र ने भी फैंस से उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की गुजारिश की थी। धर्मेंद्र ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर करते हुए उनकी सलामती की दुआ मांगी थी और कहा था कि अब दिलीप कुमार की तबीयत में सुधार है, जिसके बाद धर्मेंद्र ने फैंस को इसके लिए धन्यवाद दिया था लेकिन इस बार उनकी दुआ कबूल नहीं हुई और दिलीप कुमार ने दुनिया को अलविदा कह दिया।












Click it and Unblock the Notifications