वेंचर कैपिटलिस्ट महेश मूर्ति को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुंबई। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को एक छेड़छाड़ मामले के सिलसिले में वेंचर कैपिटलिस्ट और सीडफंड के प्रबंध भागीदार महेश मूर्थी को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर दिल्ली की एक महिला को कथित तौर पर परेशान करने और छेड़ने के लिए खार में डिजिटल एजेंसी पिनस्टॉर्म के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मूर्थी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दिल्ली स्थित एक महिला ने साल 2017 में महिला आयोग की शिकायत भेजी थी, जिसके बाद एनसीडब्ल्यू के निर्देश पर 30 दिसंबर, 2017 को मूर्थी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उसके बाद शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
खार पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर , रामचंद्र जाधव ने कहा कि हमने भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (डी), 509 और आईटी एक्ट के तहत मूर्थी को गिरफ्तार कर लिया है। एनसीडब्ल्यू ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक को आपत्तिजनक, अपमानजनक और यौन टिप्पणी के आरोप में शिकायतकर्ता और कई अन्य महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मूर्थी द्वारा किए जा रहे अश्लील संकेतों के बारे में लिखा था। मूर्थी ने अपनी कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स के लिए माफी मांगी थी।