कौन हैं वसुधा रोहतगी, दिल्ली में 160 करोड़ का बंगला खरीदा? जानें हाल में बिके 7 सबसे महंगे घरों के बारे में
देश में हाल में महंगी आवासीय प्रॉपर्टी खरीदने वालों में वसुधा रोहतगी का नाम भी शामिल हो गया है। उन्होंने दिल्ली के गोल्फ लिंक में 160 करोड़ का बंगला खरीदा है। इस साल ऐसे कई बड़े सौदे हुए हैं।

दिल्ली में पिछले महीने एक बंगला 160 करोड़ रुपए में बिका है। इसे देश के पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी की पत्नी वसुधा रोहतगी ने खरीदा है। यह बंगला गोल्फ लिंक इलाके में है, जहां प्रॉपर्टी की सीमित संख्या होने की वजह से कीमतें आसमान छू रही हैं। क्योंकि, दिल्ली के लुटियंस जोन में अपना घर हो यह सपना हर अमीर देखता है और इसलिए कीमतें उसी हिसाब से तय होती हैं। गोल्फ लिंक में पिछले कुछ समय में ऐसे कई आवासों की डील हुई है, जिनकी बोली करोड़ों में लगी है। हम यहां पर पिछले कुछ समय में मुंबई और दिल्ली में हुए सबसे महंगे आवासीय परिसरों की डील के बारे में बता रहे हैं। इनमें से अधिकतर सौदे इसी साल फरवरी महीने में ही हुए हैं।

वसुधा रोहतगी ने खरीदा 160 करोड़ में बंगला
मुकुल रोहतगी की पत्नी वसुधा रोहतगी ने दिल्ली के गोल्फ लिंक इलाके में 160 करोड़ रुपए में एक बंगला खरीदा है। यह बंगला 2,100 वर्ग यार्ड में फैला है और इस डील को पक्की कराने पर उनके परिवार ने 6. 4 करोड़ रुपए की स्टैम्प ड्यूटी चुकाई है। इस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री 23 फरवरी को ही हो गई थी, लेकिन जानकारी अब छनकर बाहर आई है। गौरतलब है कि दिल्ली के लुटियंस इलाके में होने की वजह से यह इलाका देश के अमीर शख्सियतों का बहुत ही पसंदीदा रहा है और यहां घर खरीदना बड़े-बड़े धनाढ्यों के लिए सपने से कम नहीं है। क्योंकि, बाकी लुटियंस जोन में अधिकतर प्रॉपर्टी सरकारी हैं।

कौन हैं वसुधा रोहतगी?
वसुधा रोहतगी देश के मशहूर वकील और पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी की पत्नी हैं। कुछ समय पहले तक मुकुल रोहतगी की फीस 10 लाख रुपए बताई जाती थी। बताया जाता है कि वकालत की दुनिया में मुकुल रोहतगी को जो प्रतिष्ठा मिली है, उसमें उनकी पत्नी की बहुत बड़ी भूमिका रही है। वसुधा खुद भी पेशे से वकील हैं, लेकिन पति की व्यस्तता को देखते हुए उन्होंने घर की जिम्मेदारियां संभालने का फैसला किया।

वसुधा रोहतगी का बैकग्राउंड
आज वसुधा रोहतगी का नाम उनके पति की वजह से जरूर लिया जा रहा है, लेकिन वह खुद देश के एक बहुत ही मशहूर वकील की बेटी भी हैं। वसुधा के पिता जीएल सांघी का नाम भारतीय न्याय व्यवस्था से जुड़ा एक ऐतिहासिक नाम है। वह देश के ऐतिहासिक केशवानंद भारती मुकदमे से जुड़े थे। यह केस भारतीय न्याय व्यवस्था के लिए मील का पत्थर माना जाता है। क्योंकि, इस मामले में ऐतिहासिक फैसला देने वाली देश की आजतक की सबसे बड़ी बेंच ने ही यह लक्ष्मण रेखा खींची थी कि संविधान के मूल ढांचे को नहीं बदला जा सकता। मुकुल रोहतगी 2014 से 2017 तक देश के चौदहवें अटॉर्नी जनरल रहे हैं, लेकिन बाद में अपनी प्रैक्टिस जारी रखने का फैसला किया। रोहतगी पूर्व कानून मंत्री अरुण जेटली के भी खास मित्र रहे हैं।
Recommended Video

गोल्फ लिंक इलाके में बिके महंगे घर
दिल्ली का गोल्फ लिंक इलाका राजधानी में पैसे वालों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है, लेकिन उपलब्धता नहीं के बराबर होने की वजह से यहां की प्रॉपर्टी बहुत ही ज्यादा महंगी है। पिछले साल ही देश के पूर्व सॉलिसिटर जनरल गोपाल सुब्रमणियम ने सुंदर नगर में 85 करोड़ रुपए का बंगला खरीदा था। उनका बंगला 866 वर्ग यार्ड में फैला है। हाल ही में रेटगेन के फाउंडर भानू चोपड़ा ने गोल्फ लिंक इलाके में ही 850 वर्ग मीटर का बंगला 127.5 करोड़ रुपए में खरीदा था। इससे पहले मैक्सॉप इंजीनियरिंग के डायरेक्टर शैलेष अरोड़ा ने गोल्फ लिंक में ही 575 वर्ग यार्ड क्षेत्र में फैला बंगला खरीदा था। उसकी कीमत तब 68.5 करोड़ रुपए थी।

देश का सबसे महंगा पेंटाहाउस 252.50 करोड़ रुपए में बिका
लेकिन, हाल में सबसे महंगी आवासीय प्रॉपर्टी खरीदने वालों में बजाज ऑटो के नीरज बजाज का नाम सबसे टॉप पर है। उन्होंने दक्षिण मुंबई के मालाबार हिल में लग्जरी सी-व्यू ट्रिप्लेक्स पेंटाहाउस 252.50 करोड़ रुपए देकर खरीदा है। रियलिटी डेवलपर लोढ़ा ग्रुप की इस प्रॉपर्टी को देश की अबतक की सबसे महंगी अपार्टमेंट डील बताई जा रही है।

1,238 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी डील
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादा दिन नहीं हुए, मुंबई में ही वेल्सपुन ग्रुप के चेयरमैन बीके गोयनका ने भी वर्ली में 230 करोड़ रुपए का पेंटाहाउस खरीदा था। वहीं फरवरी में ही डीमार्ट वाले एवेन्यू सुपरमार्ट के फाउंडर राधाकृष्ण दमानी ने मुंबई में 28 लग्जरी अपार्टमेंट की खरीदारी करीब 1,238 करोड़ रुपए में की थी।













Click it and Unblock the Notifications