चेस स्टार, वैज्ञानिक से गांव की अनीता देवी तक, कौन हैं वो 6 महिला, जो PM मोदी का आज चला रही हैं ट्विटर
International Womens Day 2025: अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया हैंडल आज देश की प्रेरणादायक महिलाएं चला रही हैं। ये महिलाएं देश के अलग-अलग कोनों से हैं जिनमें दक्षिण, उत्तर, पूर्व, पश्चिम और मध्य क्षेत्र शामिल हैं। चेन्नई, तमिलनाडु से भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर आर वैशाली, दिल्ली से डॉ. अंजली अग्रवाल, नालंदा बिहार से अनीता देवी, भुवनेश्वर ओडिशा से एलिना मिश्रा, राजस्थान से अजयता शाह और सागर मध्य प्रदेश से शिल्पी सोनी शामिल हैं।
ये वो महिलाएं हैं, जिन्होंने महिला दिवस के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी के एक्स (ट्विटर का बदला हुआ नाम) हैंडल को संभाला है। पीएम मोदी के हैंडल से एक पोस्ट में इन महिलाओं ने कहा, वे उनके सोशल मीडिया अकाउंट को संभालने के लिए बहुत एक्साइटेड हैं और अन्य महिलाओं को प्रेरित करने के लिए अपनी कहानी बता रही हैं। इस लेख में हम आपको इन्ही महिलाओं के बारे में बताएंगे...साथ ही ये भी बताएंगे कि ये समाज को कैसे प्रेरित कर रही हैं।

🔴 1. वैशाली रमेशबाबू (Vaishali Rameshbabu)
वैशाली रमेशबाबू - शतरंज की प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। वैशाली छह साल की उम्र से ही चेस खेल रही हैं। खेल के प्रति उनके समर्पण की वजह से ही वो 2023 में शतरंज ग्रैंडमास्टर का प्रतिष्ठित खिताब जीत सकी हैं। वह अपनी रणनीतिक प्रतिभा और दृढ़ता के साथ वैश्विक मंच पर भारत को गौरवान्वित करती रहती हैं।
23 वर्षीय वैशाली ने लिखा, "वनक्कम! मैं वैशाली हूं, और मैं हमारे प्रधानमंत्री थिरु नरेंद्र मोदी जी की सोशल मीडिया प्रॉपर्टी को संभालने के लिए रोमांचित हूं और वह भी महिला दिवस पर। जैसा कि आप में से कई लोग जानते होंगे, मैं शतरंज खेलती हूं और मुझे कई टूर्नामेंटों में हमारे प्यारे देश का प्रतिनिधित्व करने पर बहुत गर्व है। मैं 6 साल की उम्र से शतरंज खेल रही हूं और यह खेल खेलना मेरे लिए "सीखने, रोमांचकारी और पुरस्कृत करने वाला सफर" रहा है।''
🔴 2. अनीता देवी (Anita Devi)
बिहार की रहने वाली अनीता देवी गरीबी और प्रतिकूलता की बाधाओं को पार करते हुए, "बिहार की मशरूम लेडी" के नाम से मशहूर हैं। अनीता देवी ने 2016 में माधोपुर किसान उत्पादक कंपनी की स्थापना करके आत्मनिर्भरता की ओर एक साहसिक कदम उठाया। मशरूम की खेती के जरिए उन्होंने न केवल उत्थान किया है, बल्कि सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा किए हैं।
पीएम मोदी के हैंडल से अनीता देवी लिखती हैं, ''मैं अनीता देवी, नालंदा जिले के अनन्तपुर गांव की रहने वाली हूं। मैंने जीवन में बड़े संघर्ष देखे हैं। लेकिन मेरा हमेशा से मन था, अपने दम पर कुछ करने का। 2016 में मैंने खुद स्वरोजगार करने का निर्णय लिया था। उसी दौर में स्टार्ट-अप्स का इतना क्रेज बढ़ गया था। इसलिए 9 साल पहले मैंने भी अपनी माधोपुर फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की स्थापना की।''
उन्होंने आगे कहा, ''अगर मैंने कर दिखाया, तो आप भी कर सकती हैं! मेरा मानना है कि अगर मैं ये काम कर सकती हूं, तो ये कोई भी कर सकता है। मेरा देश की सभी बहनों को यही संदेश है कि वो आत्मनिर्भर बनें और अपने साथ साथ अपने परिवार का जीवन बदलने के लिए भी काम करें। अगर आप अपनी लगन और परिश्रम से आगे बढ़ने का प्रण कर लेंगी, तो दुनिया की कोई शक्ति आपको नहीं रोक पाएगी।''
🔴 3. एलिना मिश्रा और शिल्पी सोनी (Elina Mishra & Shilpi Soni)
एलिना मिश्रा और शिल्पी सोनी - ये दो प्रतिष्ठित वैज्ञानिक अत्याधुनिक अनुसंधान और प्रौद्योगिकी में भारतीय महिलाओं के योगदान का उदाहरण हैं। एलिना मिश्रा भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई में एक परमाणु वैज्ञानिक हैं, जबकि शिल्पी सोनी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में एक प्रतिष्ठित अंतरिक्ष वैज्ञानिक हैं। एलिना मिश्रा और शिल्पी सोनी दोनों ने अपनी कहानी पीएम मोदी के एक्स हैंडल पर शेयर की है।
🔴 4. अजयता शाह (Ajaita Shah)
फ्रंटियर मार्केट्स की संस्थापक और सीईओ अजयता शाह 35,000 से अधिक डिजिटल रूप से सक्षम महिला उद्यमियों को सशक्त बनाकर ग्रामीण उद्यमिता को बदल रही हैं। उनकी पहल इन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद करती है।
अजयता शाह लिखती हैं, ''आर्थिक रूप से सशक्त महिला एक आत्मविश्वासी निर्णयकर्ता, स्वतंत्र विचारक, अपने भविष्य की निर्माता और आधुनिक भारत की निर्माता होती है! और, हमारा देश आर्थिक रूप से सशक्त महिलाओं के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।''
🔴 5. डॉ. अंजली अग्रवाल (Dr Anjlee Agarwal)
डॉ. अंजली अग्रवाल डॉ. अग्रवाल सामर्थ्यम सेंटर फॉर यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी की संस्थापक हैं। तीन दशकों के लंबे करियर के साथ, उन्होंने अपना जीवन समाजसेवा में दिया है। उनके प्रयासों ने भारत भर में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों को विकलांग लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
डॉ. अंजली अग्रवाल लिखती हैं, नमस्ते भारत और महिला दिवस की शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री मोदी के सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से, जिसे आज मुझे संभालने का सम्मान मिला है, मैं बदलाव की चिंगारी जलाना चाहती हूं, और कार्रवाई का आह्वान करना चाहती हूं- लेबल भूल जाएं, बाधाओं को भूल जाएं...आइए सुगम्य भारत को मजबूत बनाएं और इसे विकसित भारत का एक महत्वपूर्ण अग्रदूत बनाएं। आइए सुनिश्चित करें कि हर महिला, हर व्यक्ति, गरिमा और स्वतंत्रता के साथ अपना जीवन जी सके। आइए हम हाल ही में हुए लाभों पर काम करें और विकलांग व्यक्तियों के जीवन को बेहतर बनाएं।''












Click it and Unblock the Notifications