बोले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन-'वैक्सीन के लिए हमने चुनावी प्रक्रिया की तरह तैयारी की है'
Corona Vaccination: पूरा देश बेसब्री से कोरोना वैक्सीन का इंतजार कर रहा है, इस बारे में बात करते हुए रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि हमने वैक्सीनेशन के लिए चुनाव प्रक्रिया के आधार पर बूथ स्तर तक के लिए तैयारी की है। 719 जिलों के करीब 57,000 प्रतिभागियों ने अपनी ट्रेनिंग पूरी कर ली है। अबतक कुल 96,000 वैक्सिनेटर्स को प्रशिक्षित किया जा चुका है। मालूम हो कि इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि पहले चरण में केवल उन 3 करोड़ लोगों को फ्री टीका लगाया जाएगा, जो प्राथमिकता में सबसे आगे हैं।
Recommended Video

डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि इन तीन करोड़ लोगों में 1 करोड़ स्वास्थ्यकर्मी और 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं। पहले चरण में प्राथमिकता वाले बाकी 27 करोड़ लोगों को वैक्सीन कैसे दी जाएगी, इसपर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है। बता दें कि पूरे देश में वैक्सिनेशन का ड्राई रन शनिवार को किया गया। इसमें 125 जिलों के 285 सेंटर शामिल थे।
हमारी प्राथमिकता सुरक्षा और वैक्सीन के प्रभाव को लेकर है
मालूम हो कि इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा था कि ब्रिटेन और अमेरिका में कोरोना वायरस वैक्सीन के टीके लोगों को लगने शुरू हो गए हैं। अब जल्द ही भारत में भी कोरोना वायरस के टीके लगना शुरू हो जाएंगे। हमारीप्राथमिकता सुरक्षा और वैक्सीन के प्रभाव को लेकर है। हम किसी भी मामले में समझौता नहीं करना चाहते हैं।मालूम हो कि एक दिन पहले ही भारत के केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक विशेषज्ञ समिति ने भारत बायोटेक के स्वदेशी टीका 'कोवैक्सीन' के कुछ शर्तों के साथ आपात इस्तेमाल के लिए मंजूरी की सिफारिश की है। उसके अलावा सीरम इंस्टीट्यूट की 'कोविशील्ड' वैक्सीन के भी इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत के लिए सिफारिश की गई है। ये दोनों सिफारिशें सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी द्वारा DCGI के पास भेजी गई है।
कोरोना की रफ्तार धीमी जरूर पड़ी लेकिन खतरा टला नहीं
बता दें कि देश में कोरोना की रफ्तार धीमी जरूर पड़ी है लेकिन इसका प्रकोप कम नहीं हुआ है, रविवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कारोनावायरस संक्रमण (Coronavirus) के 18,177 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 217 लोगों की मौत हुई है, नए मामले सामने आने के बाद देश में अबतक कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 1 करोड़ 3 लाख 23 हजार 965 हो गई है। 217 नई मौतें के बाद कुल मौतों की संख्या 1,49,435 हुई।देश में सक्रिय मामलों की संख्या अब 2,47,220 है और ठीक हुए मामलों की कुल संख्या 99,27,310 है।












Click it and Unblock the Notifications