प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में की उत्तराखंड के शीतकालीन पर्यटन की सराहना, धामी सरकार के प्रयासों पर लगी मुहर
अपने 'मन की बात' में, पीएम मोदी ने उत्तराखंड के शीतकालीन पर्यटन और साहसिक खेलों की सराहना की, और क्षेत्र की यात्रा को प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वाले स्थलों और आयोजनों की बढ़ती लोकप्रियता पर ध्यान दिया।
नई दिल्ली/देहरादून, रविवार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रसारित हुए अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में उत्तराखंड के विंटर टूरिज्म, साहसिक खेलों और डेस्टिनेशन वेडिंग की संभावनाओं की खुलकर प्रशंसा की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने करीब ढाई मिनट तक उत्तराखंड पर केंद्रित बात करते हुए कहा कि सर्दियों का मौसम राज्य की खूबसूरती को नए आयाम दे रहा है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे सर्दियों में यात्रा के लिए हिमालय की वादियों को ज़रूर शामिल करें।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन दिनों उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म लोगों को आकर्षित कर रहा है। औली, मुनस्यारी, दयारा और चोपता जैसे स्थलों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने हाल ही में पिथौरागढ़ स्थित 14,500 फीट ऊंचाई पर आयोजित राज्य की पहली हाई-ऑल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन का भी उल्लेख किया। इस आयोजन में 18 राज्यों से 750 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सिर्फ तीन साल पहले तक जहां आदि कैलाश यात्रा पर साल में केवल दो हजार लोग आते थे, वहीं अब यह संख्या 30 हजार तक पहुंच गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही हफ्तों में राज्य में उत्तराखंड विंटर गेम्स का आयोजन होने जा रहा है, जिससे खिलाड़ी और एडवेंचर प्रेमी बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए की जा रही इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि धामी सरकार ने होमस्टे नीति में जो नए बदलाव किए हैं, वे पर्यटन को नई दिशा देंगे।
डेस्टिनेशन वेडिंग का नया हब बनता उत्तराखंड
प्रधानमंत्री ने बताया कि सर्दियों की सुनहरी धूप और पहाड़ों पर उतरते कोहरे के बीच उत्तराखंड डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में बेहद लोकप्रिय हो रहा है। विशेषकर गंगा तट पर डेस्टिनेशन वेडिंग की मांग बढ़ी है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है।
धामी सरकार के प्रयासों पर प्रधानमंत्री की मुहर
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उत्तराखंड पर्यटन के सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर हैं। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा की गई प्रशंसा यह दर्शाती है कि राज्य सरकार द्वारा विंटर टूरिज्म, शीतकालीन यात्रा, डेस्टिनेशन वेडिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास सही दिशा में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में सरकार ने शीतकालीन यात्रा, होमस्टे विकास और कनेक्टिविटी सुधार जैसे कई कदम उठाए हैं, और प्रधानमंत्री द्वारा मिली यह सराहना उनके प्रयासों पर एक तरह की सकारात्मक मुहर है।
प्रधानमंत्री के विज़न को आगे बढ़ा रही है धामी सरकार
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की केदारनाथ, बद्रीनाथ, और आदि कैलाश यात्राओं ने हर बार प्रदेश पर्यटन को नई गति दी है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विज़न के अनुरूप उत्तराखंड को प्राकृतिक, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications