बीजेपी MLA महेश नेगी पर लगा रेप केस देहरादून से पौड़ी ट्रांसफर
देहरादून। बीजेपी विधायक महेश नेगी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला देहरादून से पौड़ी स्थानांतरित कर दिया गया है। आईजी रेंज ने इस संबंध में एसएसपी पौड़ी को पत्र भेजा है। पत्र में मामले की जांच महिला थानाध्यक्ष श्रीनगर को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। आईजी ने एसएसपी देहरादून को मामले से संबंधित समस्त दस्तावेज पौड़ी पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए हैं। पौड़ी के एसएसपी ने बताया कि आदेश की जानकारी मिल गई है और जल्द ही कार्यवाही की जाएगी।

दरअसल, द्वाराहाट विधायक महेश नेगी पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए अपने पुत्र का पिता महेश नेगी को बताया था। इस संबंध में थाना नेहरू कालोनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, विधायक नेगी की पत्नी ने भी उक्त महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया था। द्वाराहाट विधायक महेश नेगी पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने ब्लैकमेलिंग की धाराओं में चार्जशीट दाखिल की थी।
विधायक की पत्नी ने महिला पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था। जांच अधिकारी व सीओ सदर अनुज कुमार ने चार्जशीट दाखिल करने की पुष्टि की है। महेश नेगी की पत्नी ने एक महिला पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कराया था। इस पर महिला ने भी भाजपा विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। उसका आरोप था कि दो साल से उसके साथ दुष्कर्म किया जा रहा है और विधायक और उनकी एक बेटी भी है। वह विधायक और बेटी का डीएनए टेस्ट कराने की मांग कर रही थी। बाद में कोर्ट के आदेश पर विधायक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया।