Uttarakhand News: राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री जल्द करेंगे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से मुलाकात
उत्तराखंड सरकार सड़क कनेक्टिविटी में सुधार के लिए कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। प्रमुख प्रस्तावों में ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा-दानिया-पनार-घाट, जोलीकोट-खैरना-गैरसैण-कर्णप्रयाग और अल्मोड़ा-बागेश्वर-कंडा-उडियारी बैंड मार्ग शामिल हैं, जो सुरक्षित यात्रा, बेहतर यातायात प्रवाह और बेहतर पर्यटन और वाणिज्य के माध्यम से आर्थिक विकास का वादा करते हैं।
उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की पैरवी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शीघ्र ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे। इस प्रस्तावित बैठक की तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा के बीच विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के साथ होने वाली बैठक में ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा–दन्या–पनार–घाट मार्ग, ज्योलिकोट–खैरना–गैरसैंण–कर्णप्रयाग मार्ग और अल्मोड़ा–बागेश्वर–काण्डा–उडियारी बैंड मार्ग के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित राज्य के कई महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से उत्तराखंड का सड़क नेटवर्क मजबूत होगा, यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी और पर्वतीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से चारधाम यात्रा, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने प्रस्तावित परियोजनाओं पर सहमति जताते हुए कहा कि राज्य में सड़क संपर्क सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07 के अंतर्गत तीनपानी से योगनगरी होते हुए खारास्रोत तक 12.67 किलोमीटर लंबाई में चार लेन बाईपास का निर्माण प्रस्तावित है। इसकी अनुमानित लागत ₹1161.27 करोड़ है। परियोजना में 4.876 किलोमीटर लंबाई में तीन हाथी कॉरिडोर के लिए एलिवेटेड मार्ग, चंद्रभागा नदी पर 200 मीटर लंबा पुल और रेलवे पोर्टल पर 76 मीटर लंबाई का आरओबी शामिल है। इसके अतिरिक्त श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ₹318 करोड़ की लागत से 76 मीटर लंबा आरओबी प्रस्तावित है, जिससे नेपाली फार्म से ऋषिकेश नटराज चौक तक यातायात निर्बाध हो सकेगा।
अल्मोड़ा–दन्या–पनार–घाट मार्ग:
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309बी के 76 किलोमीटर लंबे हिस्से में ₹988 करोड़ की अनुमानित लागत से दो लेन चौड़ीकरण का प्रस्ताव है।
ज्योलिकोट–खैरना–गैरसैंण–कर्णप्रयाग मार्ग:
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109 के अंतर्गत 235 किलोमीटर लंबाई में दो लेन चौड़ीकरण का संरेखण प्रस्तावित है।
अल्मोड़ा–बागेश्वर–काण्डा–उडियारी बैंड मार्ग:
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309ए के अंतर्गत पैकेज 1, 2 और 5 में कुल 84.04 किलोमीटर लंबाई में ₹1001.99 करोड़ की लागत से कार्य प्रस्तावित हैं। काण्डा से बागेश्वर खंड (पैकेज-02) के लिए वन भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव को भारत सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications