उत्तराखंड में स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को दिखाई हरी झंडी

उत्तराखंड सरकार क्लीन मोबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन पॉलिसी 2024 के साथ स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा दे रही है, जिसमें छह लाभार्थियों को पूंजी अनुदान और सब्सिडी दी गई है, 11 स्वच्छ-ईंधन वाली बसें लॉन्च की गई हैं, और शहरी व पहाड़ी क्षेत्रों का समर्थन करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार किया गया है।

उत्तराखंड सरकार ने स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत छह प्राथमिक लाभार्थियों को पूंजीगत अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

Uttarakhand Rolls Out Clean Mobility Policy 2024

मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी एवं स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक सहायता केवल अनुदान नहीं, बल्कि राज्य को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पहल से शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

विकास और पर्यावरण में संतुलन जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती है। ऐसे समय में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होगा, जब वह प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करे।

हरित ऊर्जा में भारत निभा रहा अग्रणी भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य, 'लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (LiFE)' अभियान, पीएम ई-बस सेवा तथा सौर और अन्य अक्षय ऊर्जा स्रोतों का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड हिमालय की गोद में बसा राज्य है, जहां से गंगा और यमुना जैसी नदियों का उद्गम होता है। प्रदेश की जैव विविधता, वन संपदा और प्राकृतिक धरोहर पूरे देश की अमूल्य विरासत हैं। उन्होंने कहा कि इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 से मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाना, पुराने डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना तथा सीएनजी और अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नीति राज्य में सुरक्षित, टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की मजबूत आधारशिला साबित होगी।

इलेक्ट्रिक बसें और ईवी चार्जing नेटवर्क का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का लगातार विस्तार कर रही है। साथ ही पूरे प्रदेश में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में रोप-वे और आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली विकसित करने पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुगम, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनेगी तथा पर्वतीय क्षेत्रों में वाहनों का दबाव कम होगा।

रूफटॉप सोलर में भी आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को हरित विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य ने 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्रों का प्रारंभिक लक्ष्य निर्धारित समय से पहले हासिल कर लिया है और कुल लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

हरित परिवहन के अग्रदूत हैं लाभार्थी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन वाहन स्वामियों को सब्सिडी चेक प्रदान किए गए हैं, वे केवल योजना के लाभार्थी नहीं बल्कि उत्तराखंड में हरित परिवहन क्रांति के अग्रदूत हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से अन्य वाहन संचालक भी स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना कोई भी परिवर्तन स्थायी नहीं हो सकता। इसलिए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन के इस अभियान का सक्रिय भागीदार बनना चाहिए। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, परिवहन सचिव रविनाथ रमन सहित परिवहन विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+