Uttarakhand News: केदारनाथ धाम में कपाट बंदी के अवसर पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ मंदिर के समापन समारोह में भाग लिया, प्रार्थना की और चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सफल तीर्थयात्रा सीजन और क्षेत्र के आध्यात्मिक महत्व को बढ़ाने के लिए भविष्य की रणनीतियों पर प्रकाश डाला।
गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट बंदी के पावन अवसर पर श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि व कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास चल रहे निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया।

केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए विधिवत रूप से बंद कर दिए गए हैं। सनातन आस्था के इस प्रमुख केंद्र पर कपाट बंदी के मौके पर मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी विशेष बना दिया। मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय तीर्थ पुरोहितों और तीर्थयात्रियों से संवाद करते हुए कहा कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के सुनियोजित प्रयासों से चारधाम यात्रा इस बार सफलतापूर्वक और सुचारू रूप से संपन्न हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा, "चारधाम यात्रा न केवल प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती देती है, बल्कि यह देवभूमि उत्तराखंड को विश्वभर के सनातन धर्मावलंबियों से जोड़ती है।" मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चारधाम सहित मानसखंड से जुड़े मंदिरों में भी व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2026 की यात्रा के लिए अभी से रणनीति तैयार की जाए ताकि समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
मुख्यमंत्री धामी ने यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों, स्थानीय व्यापारियों और तीर्थयात्रियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "इस वर्ष बाबा केदार की यात्रा सकुशल सम्पन्न हो चुकी है। हम सब पर बाबा का आशीर्वाद बना रहे। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को सनातन धर्म की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित कर रही है।"












Click it and Unblock the Notifications