यूपी में कुदरत का कहर: 19 जिलों में तूफान और बारिश से तबाही, सीएम योगी का बड़ा एक्शन
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आए तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने से हुई तबाही पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा संज्ञान लिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में खराब मौसम की वजह से जनहानि और पशुहानि के साथ-साथ मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।

मुख्यमंत्री ने इस आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत प्रभावित इलाकों का दौरा करें, पीड़ितों की हर संभव मदद करें और मुआवजे की राशि जल्द से जल्द जारी करना सुनिश्चित करें। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई और उन्नाव समेत 19 जिलों से जान-माल और फसलों के नुकसान की रिपोर्ट मिली है। तेज आंधी और बारिश के कारण कई घर भी ढह गए हैं।
सीएम योगी ने जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग आपस में तालमेल बिठाकर मुआवजे के वितरण में तेजी लाएं। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को राहत कार्यों को प्राथमिकता देने और स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। उन्होंने आदेश दिया कि मुआवजे के वितरण, रेस्क्यू ऑपरेशन और अन्य राहत उपायों से जुड़ी जानकारियां सोशल मीडिया के जरिए नियमित रूप से साझा की जाएं। इसके अलावा, स्थिति की प्रभावी निगरानी और समय पर एक्शन सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों को हर तीन घंटे में अपडेट देने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications