बीजेपी की किन गलतियों की वजह से यूपी में जीता INDIA bloc? अनुप्रिया पटेल का बड़ा दावा
Anupriya Patel News: केंद्रीय राज्यमंत्री और यूपी की मिर्जापुर से तीन बार की लोकसभा सांसद और अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल ने राज्य में बीजेपी और एनडीए की बड़ी हार को लेकर खुलकर बात की है।
अनुप्रिया पटेल ने आइडिया एक्सचेंज में दिए दिए एक इंटरव्यू में जो कुछ कहा, उससे साफ है कि उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश की जमीनी स्थिति को आंकने में भारतीय जनता पार्टी के नेता नाकाम साबित हुए।
विपक्ष की फर्जी कहानी से मुकाबले में नाकाम-अनुप्रिया पटेल
अपना दल (सोनेलाल) की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मोदी सरकार के दो कार्यकालों के आधार पर 400 पार के नारे का तो समर्थन किया है, लेकिन यह भी कहा है कि संविधान बदलकर आरक्षण खत्म करने के विपक्ष की 'फर्जी कहानी' का एनडीए मुकाबला नहीं कर पाया।

'हाशिए पर पड़ा समुदाय गलत जानकारी से गुमराह हो गया'
उन्होंने कहा, 'एनडीए, जिसमें भाजपा सबसे बड़ी भागीदार है, 400 से ज्यादा के बहुमत का इस्तेमाल संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने के लिए करेगी...हाशिए पर पड़ा समुदाय इस गलत जानकारी से गुमराह हो गया और हम इसका समय पर प्रभावी तरीके से सामना नहीं कर पाए। इससे इंडिया ब्लॉक के पक्ष में सीटें चली गईं।'
'बीजेपी जमीनी स्थिति को नहीं समझ पाई'
उनका कहना है कि बीजेपी के मुकाबले उनकी पार्टी छोटी है, लेकिन उनके लोग जमीन से जुड़े हैं। उनका कहना है कि उन्होंने बीजेपी के लोगों से बात करने की कोशिश की थी, लेकिन मुझे लगता है कि बीजेपी यह नहीं समझ पाई की अंदर ही अंदर इतनी जोरदार भावनाएं पैदा हो चुकी थी।
'इंडिया ब्लॉक के नैरेटिव को बड़ा बनाने में हमारे भी कुछ लोगों का योगदान'
जब उनसे पूछा गया कि 400 सीटें मिलने पर संविधान बदलने जैसी बात जो अयोध्या के तत्कालीन सांसद समेत कुछ बीजेपी नेताओं ने की थी क्या उसने भी एनडीए की हार में योगदान दिया। इसपर उनका जवाब था कि इस नैरेटिव में हमारे कुछ लोगों का भी योगदान रहा, जिससे यह इतना बड़ा बन गया। हम सही समय पर इसका जवाब देने में चूक गए। चुनाव में इसी वजह से हार हुई। हर पार्टी में कुछ समझदार लोग होते हैं, जो पार्टी का भाग्य बिगाड़ देते हैं। वे बिना सोचे बोल देते हैं।
सपा का कमाल नहीं, उसे हमारी भूल का फायदा मिला- अनुप्रिया
जब उनसे पूछा गया कि सपा ने प्रदेश में इस बार गैर-यादव ओबीसी को ज्यादा टिकट दिया था। 7 तो कुर्मी सांसद जीते हैं। इतने सारे कुर्मी सांसदों के बीच उनके लिए सपा का मुकाबला कितना कठिन है। तो उनका कहना था कि सपा ने कोई कमाल नहीं किया है। उसे तो हमारी ही भूल का लाभ मिला है। अगला चुनाव आने दीजिए, मतदाता समझ जाएंगे कि ओबीसी समाज के हित में काम हमने किया है।
'अनुसूचित जातियों के बड़े तबके का वोट इंडिया ब्लॉक को गया'
कुर्मियों के एक बड़े तबके का वोट इंडिया ब्लॉक में जाने को लेकर उनका कहना है कि अनुसूचित जातियों के एक बड़े तबके वोट ब्लॉक में ट्रांसफर हुआ है।
सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखने पर दिया ये जवाब
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखने के बारे में उन्होंने कहा है कि अगर आप मामले को गरमाना चाहते हैं तो इस तरह की बातें कर सकते हैं, लेकिन हमारे लिए यह सामान्य सी बात है। अगर मेरे पास लोग आते हैं तो सरकार के सहयोगी और अंग के तौर पर मेरा कर्तव्य क्या है...मुझे सीएम के संज्ञान में लाना पड़ेगा और उन्हें उस दिशा में कदम उठाने होंगे।
पीएम मोदी अब बीजेपी नहीं, एनडीए की बात करते हैं- अनुप्रिया पटेल
पिछले दो कार्यकालों में लोकसभा में बीजेपी के पास प्रचंड बहुमत था। लेकिन, इस बार वह एनडीए के सहयोगियों के भरोसे है। ऐसे में क्या उन्हें लगता है कि उसके नजरिए में कोई अंतर नजर आता है? इसपर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री के तरीके में परिवर्तन नजर आ रहा है। वह बीजेपी के बारे में बात नहीं करके कहते हैं कि यह एनडीए है।












Click it and Unblock the Notifications