Social Media: ट्रंप को हराने वाले बाइडेन की जीत पर भारत के लोगों ने क्या कहा
डोनाल्ड ट्रंप की हार के बाद सोशल मीडिया पर भारत की तरफ से कैसी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
नई दिल्ली। भारत में बिहार चुनाव को लेकर जारी एक्जिट पोल के आंकड़ों के बीच अमेरिका में अगले राष्ट्रपति के नाम का ऐलान हो गया है। तीन दिन की जबरदस्त गहमागहमी के बाद आखिरकार शनिवार को साफ हो गया कि अमेरिका के अगले राष्ट्रपति जो बाइडेन होंगे। हालांकि अमेरिका में इस ऐलान से ठीक पहले पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी जीत पर पूरा भरोसा जताया और ट्वीट करते हुए कहा कि वो भारी अंतर से चुनाव जीत गए हैं। इसके कुछ देर बाद ही अमेरिका में अगले राष्ट्रपति के तौर पर जो बाइडेन के नाम का ऐलान कर दिया गया। आइए जानते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप की हार के बाद सोशल मीडिया पर भारत की तरफ से कैसी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
Recommended Video

राहुल गांधी ने ट्रंप की हार पर क्या कहा
अमेरिका में जो बाइडेन ने डोनाल्ड ट्रंप पर 214 के मुकाबले 284 इलेक्टोरल वोट हासिल करते हुए जीत दर्ज की। जो बाइडेन को अगला राष्ट्रपति घोषित होने के बाद भारत में काफी रिएक्शन आ रहे हैं। राजनीतिक हस्तियों मे सबसे पहले कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'जो बाइडेन को अमेरिका का अगला राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई, मुझे विश्वास है कि वो अमेरिका को एकजुट करते हुए इसे एक समझदारी भरी दिशा प्रदान करेंगे।'

'जोर-शोर से जश्न मनाएंगे'
वहीं, राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपने ट्विटर पर लिखा, 'सभी लोकतांत्रिक भारतीय इन भावनाओं का जोर-शोर से जश्न मनाएंगे क्योंकि हम भी जो बाइडेन और कमला हैरिस की जीत पर राहुल गांधी की शुभकामनाओं में शामिल हैं। और निजी तौर पर एक अहम बात, मैं इसलिए भी खुश हूं कि अमेरिका की उपराष्ट्रपति एक ऐसी शख्सियत बनी है, जिसे इडली और डोसा बनाना पसंद है।'

'बाइडेन ही जीते, ट्रंप का खेल खत्म'
वहीं, पत्रकार दिबांग ने जो बाइडेन की जीत पर सीएनएन के पत्रकार वैन जोंस का वीडियो शेयर किया और ट्वीट करते हुए लिखा, 'बाइडेन ही जीते, ट्रंप का खेल खत्म... भावुक हुए, संयम से सधी बात कहने वाले @VanJones68. बोले- 'अब पिता होना आसान होगा। अब बच्चों को ये बताना आसान होगा कि चरित्र का महत्त्व होता है। सच बोलने का महत्त्व होता है। अच्छा इंसान होने का महत्त्व होता है...।'

'हर आंख हुई नम...छोड़ गया जो तू'
एक्टर शुभम गौड़ ने डोनाल्ड ट्रंप की हार पर उनकी एक तस्वीर के साथ मजाकिया अंदाज में ट्वीट करते हुए लिखा, 'कैसी है ये अनहोनी...हर आंख हुई नम...छोड़ गया जो तू...कैसे जिएंगे हम...।' कांग्रेस नेता अलका लांबा ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अमेरिका और अमेरिकन्स के बुरे दिन बीते गए, अच्छे दिन आ गए, पोंछ डालो यह आंसू अब...भारत के अल्पसंख्यकों, दलितों और बेटियों के अभी जल्द आएगें अच्छे दिन...।'

'JOE जीता वही सिकंदर'
फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुभव सिन्हा ने अपने ट्वीट में लिखा, 'अमेरिका, अब तुम सांस ले सकते हो। सभी को सांस लेने दो। बधाई हो अमेरिका। जाओ और प्यार फैलाओ...लोगों को बदलो। आपके पास बदलने के लिए बहुत सारे लोग हैं।' बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख ने अपने अंदाज में अमेरिका के नए राष्ट्रपति जो बाइडेन को बधाई देते हुए ट्विटर पर लिखा, 'JOE जीता वही सिकंदर...।'












Click it and Unblock the Notifications