UP News: मुजफ्फरनगर के यहियापुर गांव में बुधवार को लगी ‘कृषि चौपाल’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में, उत्तर प्रदेश ने किसान समृद्धि पहल के माध्यम से किसानों का कल्याण बढ़ाया है, जिसमें MSP का पालन, मुफ्त बीज और उपकरण सब्सिडी, मिट्टी परीक्षण और सिंचाई का विस्तार शामिल है। हाल ही में हुए चौपाल कार्यक्रमों में किसानों की सक्रिय भागीदारी, तकनीक तक बेहतर पहुंच और आय में वृद्धि देखी गई, खासकर गन्ना मूल्य और कृषि तकनीक अपनाने में उल्लेखनीय लाभ हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अन्नदाता किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का बड़ा कार्य किया है। आज किसान आत्महत्या नहीं कर रहे बल्कि समृद्धि की राह पर चलते हुए अपने परिवार और प्रदेश की तरक्की में योगदान दे रहे हैं। किसानों को फसल का उचित मूल्य मिल रहा है। किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम योजना, एमएसपी, बिजली, सड़क और पानी जैसी सुविधाएं सभी जनपदों में समान रूप से उपलब्ध हैं।

बुधवार को यहियापुर गांव में आयोजित कृषि चौपाल में 500 से अधिक किसान शामिल हुए। सभी ने साढ़े आठ वर्ष में सरकार द्वारा उठाए गए सकारात्मक कदमों से कृषि क्षेत्र में आए बदलावों का उल्लेख किया।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री सहित केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधियों ने सीधे किसानों से संवाद किया। 15 दिन में प्रदेश के 14,170 गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में 23 लाख से अधिक किसानों ने भागीदारी की। किसान बिराम सिंह ने बताया कि अभियान में शामिल होकर मिट्टी परीक्षण, भूमि सुधार, सिंचाई क्षमता सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं, जिन्हें अपनाकर खेती में सुधार किया गया।
किसान अमरीश वालिया ने कहा कि कृषि विभाग तिलहन और दलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए निःशुल्क मिनीकिट वितरित कर रहा है। गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, तोरिया, सरसों और अलसी जैसी फसलों के लिए अनुदान पर बीज उपलब्ध हैं, जिससे उत्पादकता बढ़ाने और विषमुक्त खेती को बढ़ावा मिला है।
अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्र बने सहायक
किसान गंगाशरण के अनुसार खेती के लिए कृषि यंत्रों की आवश्यकता को देखते हुए सरकार अनुदान पर विभिन्न यंत्र उपलब्ध करा रही है। अब तक 5000 से अधिक कृषि यंत्र बैंक स्थापित किए जा चुके हैं। जनपदों में ई-लॉटरी के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान पर यंत्र उपलब्ध करवाए जाते हैं।
किसान पाठशाला से बढ़ रही तकनीकी क्षमता
किसान वेदपाल ने बताया कि किसान पाठशाला से उन्हें नवीन तकनीकों की जानकारी मिल रही है। कृषि विशेषज्ञों से संवाद के माध्यम से उत्पादन, उत्पादकता और आधुनिक तकनीकों को अपनाने में मदद मिल रही है। इससे कृषि का व्यावहारिक और व्यापारिक ज्ञान भी बढ़ा है।
गन्ना मूल्य वृद्धि किसानों के लिए बड़ी राहत
किसान कंवर सिंह ने कहा कि दीपावली से पहले योगी सरकार द्वारा 30 रुपये प्रति क्विंटल की गन्ना मूल्य वृद्धि बड़ा तोहफा है। पेराई सत्र 2025-26 के लिए अगेती प्रजाति का मूल्य 370 से बढ़ाकर 400 रुपये और सामान्य प्रजाति का मूल्य 360 से बढ़ाकर 390 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इससे किसानों को 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान मिल रहा है।
कृषि चौपाल में मौजूद रहे कई किसान
कार्यक्रम में सुनील प्रधान, कंवरपाल सिंह, मो. फसी, निर्दोष त्यागी, मनोज चौधरी, नूर मोहम्मद, शिवेश कुमार, कंवर सिंह, सुभाष राठी, शेर सिंह, जगमेर सैनी, पद्म सिंह, देवेंद्र कुमार, हरपाल, जयप्रकाश, नरेश पाल सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
बॉक्स
दाहोद गांव में लगेगी अगली ‘कृषि चौपाल’ 1 से 11 दिसंबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार जनपदों में ‘कृषि चौपाल’ का आयोजन हो रहा है। बागपत, हापुड़ और शामली में कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। बुधवार को मुजफ्फरनगर के यहियापुर गांव में किसानों ने संवाद किया। अब 11 दिसंबर (गुरुवार) को दाहोद गांव में ‘कृषि चौपाल’ आयोजित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications