यूपी के नए सीएम योगी आदित्यनाथ, जिन्होंने की ट्रंप के मुसलमान बैन की वकालत
उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनवरी में हुई एक चुनावी रैली के दौरान कहा था भारत में आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जैसे बैन की वकालत।
लखनऊ। बीजेपी के योगी सांसद, योगी आदित्यनाथ अब देश के सबसे बडे़ राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। उनके नाम के ऐलान के साथ ही हर तरफ से अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया आ रही है।
रविवार को लेंगे शपथ
योगी आदित्यनाथ कौन हैं इस बारे में अब तक तो सबकुछ लिखा जा चुका है। लेकिन एक ऐसी बात भी है जो शायद कम ही लोग जानते हैं, वह है योगी का अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फैन होना। रविवार को योगी, उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। इसके साथ ही वह इस राज्य का कार्यभार संभाल लेंगे जहां से बीजेपी को दो दशकों बाद एक बड़ी और एतिहासिक जीत हासिल हुई है।

चुनावी रैली में ट्रंप की तारीफ
आदित्यनाथ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैन हैं और यह बात जनवरी में हुई एक चुनावी रैली में साबित हो गई थी। बुलंदशहर में हुई इस चुनावी रैली में योगी आदित्यनाथ ने ट्रंप के मुसलमान देशों पर लगाए गए बैन की वकालत की थी। 27 जनवरी को आए उस बैन में ट्रंप ने सात मुसलमान देशों के नागरिकों की अमेरिका में एंट्री बैन कर दी थी। पूरी दुनिया जहां ट्रंप के इस फैसले का विरोध कर रही थी तो रैली में नए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ बैन की तारीफ कर रहे थे।

भारत में भी जरूरी है ऐसा बैन
आदित्यनाथ ने 31 जनवरी को हुई उस रैली में कहा था कि भारत में अगर आतंकवाद को रोकना है तो इसी तरह का बैन जरूरी है। इस रैली में आदित्यनाथ ने कहा था कि इस तरह का ही कदम देश में बढ़ रही आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए काफी जरूरी है। ट्रंप ने उस बैन पर हालांकि अदालत ने रोक लगा दी थी।

कश्मीर की तरह वेस्टर्न यूपी
सिर्फ इतना ही नहीं आदित्यनाथ ने अपनी इस रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तुलना कश्मीर से कर डाली थी। उन्होंने कहा था कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हालत बिल्कुल उस कश्मीर के जैसी है जहां पर तीन दशक पहले कश्मीरी पंडितों को डर और आतंक की वजह से अपना घर छोड़ने को मजबूर होना पड़ा था।

किसे बताया था जिम्मेदार
रैली में आदित्यनाथ ने मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और बागपत जैसे जिलों में खराब होते हालातों का जिक्र किया था। उन्होंने उस समय राज्य में सत्ताधारी समाजवादी पार्टी और बीएसपी की मायावती की नीतियों को यहां के खराब हालातों के लिए जिम्मेदार ठहराया था।

अब एक और कश्मीर नहीं बनने देंगे
आदित्यनाथ ने कहा था कि कश्मीर में वर्ष 1990 में जो हुआ वही अब उत्तर प्रदेश में होने जा रहा है। उन्होंने कहा था कि बीजेपी इस बात को लेकर प्रतिबद्ध है कि यहां पर ऐसा कुछ भी नहीं होने देंगे। हम कश्मीर घाटी को खो चुके हैं लेकिन अब हम पश्चिमी उत्तर प्रदेश को देश का दूसरा कश्मीर नहीं बनने देंगे।












Click it and Unblock the Notifications