'केवल मुरली से काम नहीं चलेगा, सुरक्षा के लिए सुदर्शन भी आवश्यक', त्रिपुरा में बोले यूपी CM योगी आदित्यनाथ
Yogi Adityanath In Tripura: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को त्रिपुरा में कहा कि 'केवर मुरली से काम नहीं चलेगा बल्कि सुरक्षा के लिए सुदर्शन भी आवश्यक है'। अपने संबोधन में उन्होंने पाकिस्तान पर भी जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने पाकिस्तान को एक नासूर करार दिया।
इससे पहले यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ पश्चिमी त्रिपुरा में मुख्यमंत्री माणिक साहा के साथ सिद्धेश्वरी मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए और हिंदू धर्म के स्कूल वेद विद्यालय की आधारशिला रखी।

इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, "यूपी में डबल इंजन की सरकार आई, सुरक्षा का माहौल मिला। दंगाइयों के लिए बुलडोजर भी दिया गया और साथ ही साथ भक्तों के लिए राम मंदिर का निर्माण भी कराया गया।" उन्होंने आगे कहा कि, "केवल 'मुरली' से काम नहीं चलेगा, बल्कि सुरक्षा के लिए 'सुदर्शन' भी आवश्यक है।"
अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'जब भगवान श्रीकृष्ण की स्मृति हमारे सामने आती है तो भगवान श्रीकृष्ण के एक हाथ में मुरली है तो दूसरे हाथ में सुदर्शन भी तो है। केवल मुरली से काम नहीं चलेगा बल्कि सुरक्षा के लिए सुदर्शन भी आवश्यक है।'
पाकिस्तान पर तीखा हमला
उन्होंने कहा, 'अगर उस समय का कांग्रेस नेतृत्व और जोगिंदर नाथ मंडल मिलकर मुस्लिम लीग की मंशा पर पानी फेर देते तो कभी भी ये पाकिस्तान जैसा नासूर नहीं बनता।' योगी ने कहा, 'पाकिस्तान एक नासूर है, जब तक इसका ऑपरेशन नहीं होगा, तब तक इस कैंसर की समस्या का समाधान नहीं होने वाला है।'
सीएम योगी ने आगे कहा, '1947 से पहले वो कौन लोग थे, जो भारत के विभाजन का पक्षधर बनकर मुस्लिम लीग की मंशा और कांग्रेस की सत्ता लोलुपता के चक्कर में पड़कर भारत के दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन के लिए जिम्मेदार बने। ऐसे लोगों के बारे में सही जानकारी देने की आवश्यकता है।'












Click it and Unblock the Notifications