सुरक्षाकर्मियों पर भड़के सीएम योगी, कहा- एप्लीकेशन भी नहीं ले सकते, खड़े रहते हो नमूनों की तरह
सीएम योगी ने ना केवल महिला को बुलाकर उसकी एप्लीकेशन ली बल्कि सुरक्षाकर्मियों को फटकार भी लगाई। इस मामले का वीडियो भी सामने आया है।
Recommended Video

नई दिल्ली। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ एक बार फिर अपनी सख्त छवि को लेकर चर्चाओं में हैं। दो दिन के वाराणसी दौरे पर आए सीएम योगी आदित्यनाथ का गुस्सा उस वक्त देखने को मिला, जब एक महिला उन्हें अपनी समस्या से संबंधित एप्लीकेशन देने आई और सुरक्षाकर्मियों ने महिला को सीएम के पास नहीं आने दिया। सीएम योगी ने ना केवल महिला को बुलाकर उसकी एप्लीकेशन ली बल्कि सुरक्षाकर्मियों को फटकार भी लगाई। इस मामले का वीडियो भी सामने आया है।

वाराणसी का है मामला
दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिन के दौरे पर वाराणसी आए हुए थे। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। सीएम योगी रविवार को पीएम मोदी के गोद लिए गांव डोमरी में पहुंचे और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सीएम योगी जैसे ही वहां से निकलने के लिए अपनी गाड़ी में बैठे, एक महिला उन्हें अपनी किसी समस्या से संबंधित एप्लीकेशन देने के लिए पहुंची।

दरवाजा खोलकर सुनी समस्या
सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात जवानों ने महिला को उनके पास आने से रोकना चाहा, जिसर उन्होंने अपनी गाड़ी के अंदर से ही महिला को मिलने देने की अनुमति दी। इसके बाद सीएम योगी ने दरवाजा खोलकर महिला की समस्या सुनी और एप्लिकेशन भी ली। इस दौरान सीएम योगी ने अपने सुरक्षाकर्मियों को फटकार लगाते हुए कहा, 'एप्लीकेशन भी नहीं ले सकते हो, खड़े रहते हो नमूनों के रूप में।'

वाराणसी में 5 स्टार क्रूज का किया उद्घाटन
आपको बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिन के दौरे पर वाराणसी आए हुए हैं। रविवार को सीएम योगी ने गंगा नदी में चलने वाले पांच सितारा क्रूज का उद्घाटन किया था। यह क्रूज वाराणसी के खिड़किया घाट पर चलेगा और इसमे पांच सितारा सुविधाएं पर्यटकों को मुहैया कराई जाएंगी। इस पांच सितारा क्रूज का नाम अलकनंदा है, जिसे पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। क्रूज के भीतर पर्यटकों को काशी के घाटों की महत्ता का एक वीडियो दिखाया जाएगा, साथ ही संगीत संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications