China को एक और झटका, 4825 करोड़ निवेश कर फैक्ट्री को नोएडा शिफ्ट करेगा Samsung
नई दिल्ली। साउथ कोरिया की कंपनी सैमसंग नोएडा में मोबाइल और आईटी डिस्पले की यूनिट लगाएगी। उत्तर प्रदेश की कैबिनेट ने शुक्रवार इसके लिए विशेष प्रोत्साहन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बताया है कि फेज-2 नोएडा में 4825 करोड़ रुपए के निवेश से मोबाइल और आईटी डिस्पले उत्पादों के विनिर्माण के लिए ये ईकाई स्थापित की जा रही है।

प्रदेश सरकार की ओर से बताया गया है कि मोबाइल और आईटी डिस्प्ले उत्पादों का निर्माण करने वाली सैमसंग की ये यूनिट चीन से विस्थापित होकर नोएडा में स्थापित की जा रही है। इस यूनिट में उत्पादन शुरू होने के बाद भारत ओएलईडी तकनीक से निर्मित मोबाइल डिस्प्ले निर्माण करने वाला तीसरा देश बन जाएगा। उत्तर प्रदेश की कैबिनेट ने सैमसंग डिस्प्ले नोएडा प्राइवेट लिमिटेड को यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स नीति-2017 के तहत पूंजी उपादान और भूमि हस्तांतरण पर स्टांप ड्यूटी में छूट देने की मंजूरी दी है।
यूपी सरकार ने कहा है कि विश्व में टीवी, मोबाइल फोन, टैबलेट, घड़ियों आदि में उपयोग होने वाले कुल डिस्प्ले उत्पाद का 70 प्रतिशत से अधिक सैमसंग दक्षिण कोरिया, वियतनाम तथा चीन में बनाता है। डिस्प्ले इकाईयों का प्रस्तावित निवेश मूल उत्पाद का एक ज्यादा लागत वाला हाई टेक्नोलॉजी कम्पोनेन्ट है, जो बीच की सप्लाई चेन की कड़ी को पूर्ण करने के लिये तथा भविष्य में प्रदेश में डिस्प्ले से सम्बन्धित फैब इकाई की स्थापना हेतु यह इकाई एक मील का पत्थर साबित होगी। उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सैमसंग की इस यूनिट के प्रदेश में आने से रोजगार के साथ-साथ व्यापार भी बढ़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications