'जल्द ही भारत में होगा पीओके का विलय', तिरंगा रैली में वीके सिंह का दावा
राजधानी दिल्ली में रविवार को मुस्लिम नेशनल फोरम ने पीओके के लिए तिरंगा रैली आयोजित की। जिसमें केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने दावा किया कि वो दिन दूर नहीं जब पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) का फिर से भारत में विलय होगा।
वीके सिंह ने कहा कि ये जरूरी है कि हम समझें कि पीओके हमारी जमीन थी, हमारी रहेगी और इस पर कोई और कब्जा नहीं कर सकता। अगर अंग्रेजों ने साजिश नहीं रची होती तो पाकिस्तान उस जमीन पर कभी भी कब्जा नहीं कर पाता।

उन्होंने आगे कहा कि वो दिन दूर नहीं, जब वहां के लोगों में ये इच्छा जगेगी और वो खुद ही पाकिस्तान को छोड़कर भारत से जुड़ जाएंगे।
वहीं पीओके के लिए तिरंगा रैली लाल किले से शुरू हुई। जिसके तहत देशभर में ऐसे 100 से ज्यादा आंदोलन किए जायेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की गलतियों की वजह से पाकिस्तान ने पीओके पर कब्जा किया।
आरएसएस नेता के मुताबिक बंटवारे के वक्त आज का पीओके भारत में था। उस वक्त कांग्रेस सरकार और पंडित नेहरू अंग्रेजों के चक्रव्यूह में फंस गए थे। इस वजह से पीओके पर पाक का कब्जा हुआ। वैसे ये कोई पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी कई बार आरएसएस नेता पंडित नेहरू और कांग्रेस को पीओके पर पाक के कब्जे के लिए जिम्मेदार ठहरा चुके हैं।
पिछले महीने भी दिया था ऐसा बयान
हाल ही में वीके सिंह राजस्थान के दौसा के दौरे पर गए थे। उस दौरान भी उन्होंने इसी तरह का बयान दिया था। दरअसल उनसे पीओके के शिया मुसलमानों की 'भारत के लिए सड़कें खोलने' की मांग के बारे में सवाल पूछा गया था। जिस पर सिंह ने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, जल्द ही पीओके का भारत में विलय हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications