बोले कृषि राज्यमंत्री- दो कदम किसान बढ़े और दो कदम सरकार तो निकलेगा समाधान
नई दिल्ली। कृषि बिल को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। लगातार 18वें दिन भी किसान दिल्ली में डटे हुए हैं और अबतक किसी भी तरह का समाधान नहीं निकल सका है। इस बीच केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि दो कदम अगर किसान आगे बढ़ेगा तो दो कदम सरकार आगे बढ़ेगी और इसका हल निकालें। वरना, इन लोगों ने तो 60 साल सिर्फ राजनीति की थी और आज भी ये किसान का इस्तेमाल कर आगे बढ़ना चाहते हैं। हम किसानों और उनके प्रतिनिधियों के संपर्क में हैं और मुझे लगता है कि जल्द ही अगली बैठक होगी।
Recommended Video

केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने किसान नेताओं को नसीहत दी
सोम प्रकाश ने कहा कि किसान यूनियन के नेता जो प्रदर्शन को लेकर अडिग और अड़ियल हैं वह कुछ समय में अनौपचारिक हो जाएंगे। संभव है कि ये नेता किसानों पर अपना नियंत्रण और नेतृत्व भी खो दें और नए नेता उभरकर सामने आ जाए। जो नेता सही समय पर फैसले नहीं लेते, वह समय के साथ नेता नहीं रहते।
वहीं किसान आंदोलन को आम आदमी पार्टी का पूरा समर्थन मिल रहा है। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा, 'कल दिल्ली में ITO पार्टी मुख्यालय पर पार्टी के पदाधिकारियों, विधायकों और पार्षदों द्वारा सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक किसानों के समर्थन में सामूहिक उपवास किया जाएगा। आम आदमी पार्टी किसानों की मांगों के समर्थन में पूरी तरह से हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है।'
बॉर्डर पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि किसानों के प्रदर्शन के मद्देनज बॉर्डर के आस-पास सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इनमें बहुस्तरीय बैरिकेड और अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती शामिल है। यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए भी उपाय किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को कठिनाइयों का सामना न करने पड़े इस के लिए महत्वपूर्ण सीमा बिंदुओं पर अपने कर्मियों को तैनात किया है और अपने ट्विटर हैंडल पर खुले और बंद मार्गों के बारे में लोगों को लगातार अपडेट दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications