मंच पर बेहोश होकर गिरे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भाषण देने से पहले हुई ये घटना, जानिए अब कैसी है तबीयत?
लोकसभा चुनाव के बीच महाराष्ट्र से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार दोपहर एक चुनावी रैली के दौरान बेहोश हो गए। ये घटना महाराष्ट्र के यवतमाल में हुई है।
इसके बाद मंच पर मौजूद लोग तत्काल उन्हें उठाकर इलाज के लिए ले गए हैं। गडकरी यवतमाल के पुसद में एक चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे हुए थे। वह मंच पर बोल ही रहे थे कि अचानक वह बेसुध होकर गिर पड़े।

यवतमाल जिले के पुसद के शिवाजी महाराज मैदान में वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी की एक अभियान सभा आयोजित की गई थी। नितिन गडकरी यहां पर महायुति की उम्मीदवार राजश्री पाटिल के पक्ष में प्रचार के लिए पहुंचे थे। बाकी नेताओं के भाषण के बाद गडकरी ने बैठक को संबोधित करना शुरू किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अत्यधिक तापमान बढ़ने के कारण उन्हें चक्कर आया जिसके बाद वे गिर पड़े। नितिन गडकरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल खबर है कि उनकी हालत स्थिर है।
इस बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सोशल मीडिया एकाउंट से उनकी हालत को लेकर अपडेट जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि वे अब स्वस्थ हैं और अगली सभा में शामिल होने के लिए तैयार हो रहे हैं।
नितिन गडकरी ने एक्स एकाउंट पर पोस्ट किया है- पुसद, महाराष्ट्र में रैली के दौरान गर्मी की वजह से असहज महसूस किया। लेकिन अब पूरी तरह से स्वस्थ हूँ और अगली सभा में सम्मिलित होने के लिए वरूड के लिए निकल रहा हूँ। आपके स्नेह और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।
आपको बता दें कि 2018 में भी महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी अचानक मंच पर बेहोश हो गए थे। तब बताया गया था कि शुगर लेवल कम होने की वजह से गडकरी को चक्कर आ गया।
खबर अपडेट हो रही है...












Click it and Unblock the Notifications