केंद्रीय मंत्री विशेश्वर टुडू पर मारपीट करने का मामला दर्ज, कथित रूप से कार्यालय में बुलाकर अधिकारियों को पीटा
नई दिल्ली। ओडिशा सरकार के दो अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री विशेश्वर टुडू पर मयूरभंज जिले में उनके कार्यालय में कुर्सी से हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि इस आरोप का भाजपा सांसद ने स्पष्ट रूप से खंडन किया है। केंद्रीय जल शक्ति और जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री विशेश्वर टुडू मयूरभंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद हैं। उन्हें साल 2021 के जुलाई में मोदी कैबिनेट में एमओएएस के रूप में शामिल किया गया था।

जिला योजना एवं निगरानी इकाई के उप निदेशक अश्विनी कुमार मलिक और सहायक निदेशक देबाशीष महापात्र के अनुसार, मंत्री ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक के लिए दोनों को अपने गृहनगर बारीपदा में भाजपा पार्टी कार्यालय में बुलाया था। समीक्षा बैठक के दौरान कुछ फाइलें साथ नहीं लाने पर मंत्री टुडू उन पर भड़क गए। फिर कार्यालय का दरवाजा अंदर से बंद करने के बाद मंत्री ने दोनों अधिकारियों की कथित तौर पर पिटाई की और कुर्सी से भी मारपीट की।
कथित हमले के बाद देबाशीष महापात्रा का हाथ टूट गया, जबकि अश्विनी मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों अधिकारियों को बारीपदा के पीआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इंडिया टुडे को बताया कि दो सरकारी अधिकारियों द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर, एमओएस बिश्वेश्वर टुडू के खिलाफ बारीपदा टाउन पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 323, 325, 294 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं मयूरभंज के जिलाधीश विनीत भारद्वाज ने कहा है कि मामले की छानबीन चल रही है, मामले में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। बारीपादा के थाना प्रभारी वीरेन्द्र सेनापति ने बारीपदा अस्पताल जाकर घायलों से पूछताछ की है।












Click it and Unblock the Notifications