कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद जोशी पहुंचे नाल्को भवन, वृक्षारोपण अभियान में लिया हिस्सा
नई दिल्ली। संसदीय कार्य, कोयला और खान मंत्री प्रह्लाद जोशी शुक्रवार को भुवनेश्वर स्थित नाल्को भवन पहुंचे। यहां पर केंद्रीय मंत्री ने नाल्को को ओर से चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान में हिस्सा लिया। राज्य में कुछ महीने पहले आए चक्रवात फानी के बाद नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लि. (नाल्को) ने राज्य में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चला रखा है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नाल्को के मुख्यालय में रुद्राक्ष का एक पौधा लगाया।

केंद्रीय मंत्री ने नाल्को की ओर से बड़े स्तर पर चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान को अपना समर्थन दिया। नाल्को की सराहना करते हुए, उन्होंने कर्मचारियों के समर्पण और कड़ी मेहनत को रेखांकित किया और कंपनी को अपने शानदार प्रदर्शन को और मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
नेशनल एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (नालको) खान मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न लोक उद्यम है। इसकी स्थापना 7 जनवरी, 1981 को भुवनेश्वर में इसके पंजीकृत कार्यालय के साथ की गई थी। यह कंपनी खनन, धातु और विद्युत में एकीकृत और विविध प्रचालनों वाली एक श्रेणी 'ए' का सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम है। कंपनी ने 2018-19 में 1732 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो एक दशक में सर्वाधिक है और वित्तीय वर्ष 2018-19 में 11386 करोड़ रुपये का बिक्री कारोबार हुआ है, जो स्थापना के बाद से अबतक का सर्वाधिक है।
ताजातरीन खबरों के लिए यहां क्लिक करें












Click it and Unblock the Notifications