'नए वेरिएंट की पहचान करने के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाएं', कोरोना पर संसद में स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने संसद में कहा कि राज्यों को सलाह दी जा रही है कि वे कोविड-19 के नए वेरिएंट की समय पर पहचान करने के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाएं।

Union Health minister Mansukh Mandaviya in Parliament: देश में कोरोना की स्थिति को लेकर पीएम मोदी सहित 6 राज्यों ने हाई लेवल मीटिंग रखी है। संसद के जारी शीतकालीन सत्र के दौरान सभी सांसदों से मास्क लगाने की अपील की है। वहीं इसी कड़ी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने देश में कोरोना के हालात को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में बयान दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से दुनिया में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन भारत में मामले कम हो रहे हैं। हम चीन में बढ़ते कोविड मामलों और इससे होने वाली मौतों को देख रहे हैं।
लोकसभा में उन्होंने कहा कि हम वैश्विक कोविड स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उसी के अनुसार कदम उठा रहे हैं। राज्यों को सलाह दी जा रही है कि वे कोविड-19 के नए वेरिएंट की समय पर पहचान करने के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाएं। अपने बयान में उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के प्रबंधन में स्वास्थ्य विभाग काफी सक्रिय रहा है। केंद्र सरकार ने महामारी के खिलाफ लड़ाई में राज्यों को वित्तीय सहायता प्रदान की है। अब तक 220 करोड़ कोविड वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि त्योहारी और नए साल के मद्देनजर राज्यों को सलाह दी जाती है कि वे प्रिकॉशन डोज के लिए जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को मास्क पहनना, सैनिटाइजर का उपयोग करना और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना सुनिश्चित करें।
एयरपोर्ट पर विदेशी यात्रियों की कोरोना सैंपलिंग शुरू
राज्यसभा में मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि हमने देश के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर आने वाले यात्रियों की रैंडम आरटी-पीसीआर सैंपलिंग भी शुरू कर दी है। हम महामारी से निपटने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उचित कदम उठा रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि हमने कोविड पर कोई राजनीति नहीं की है। देश भर के बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं और चलाए जा रहे हैं। हमने देश में दवाओं की पर्याप्त मात्रा की समीक्षा की है।
मास्क पहने नजर आए पीएम मोदी
Recommended Video
वहीं इससे पहले राज्यसभा में पीएम मोदी मास्क लगाए नजर आए थे। उनके साथ कई सांसदों ने मास्क लगाया हुआ था। गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों में सांसदों से मास्क लगाने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग की अपील की गई थी। बता दें कि चीन, अमेरिका और जापान में कोरोना के नए वेरिएंट से संक्रमित लोगों के आंकड़ों में चिंताजनक उछाल आया है, जिसके बाद भारत सरकार भी कोविड को लेकर अलर्ट मोड पर आ चुका है। इससे पहले बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग की थी, जिसमें मास्क लगाने और कोरोना की प्रिकॉशन डोज पर फोकस करने के लिए कहा गया था।












Click it and Unblock the Notifications