UGC पर दोबारा क्यों ठनका BJP का माथा? बांकीपुर-दतिया की हार और 2012 का सबक, पर्दे के पीछे कौन सा फैक्टर?

UGC Equity Rules 2026 Explained: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हैं। 403 सीटों वाले इस चुनाव में BJP सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है, जबकि समाजवादी पार्टी अपने PDA समीकरण को मजबूत कर रही है। इसी बीच UGC के 2026 के इक्विटी नियमों पर केंद्र के पुनर्विचार ने राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है।

20 अगस्त को केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि UGC के नए नियमों की समीक्षा की जा रही है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ को यह जानकारी दी। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई चार सप्ताह के लिए टाल दी। इससे पहले जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने इन नियमों पर अंतरिम रोक लगाई थी और फिलहाल 2012 के नियम लागू हैं।

ugc-equity-rules-2026-explained

आपको बता दें कि, नए नियमों का मकसद उच्च शिक्षा संस्थानों में जाति, धर्म, लिंग और अन्य आधारों पर भेदभाव रोकने के लिए समान अवसर सेल और इक्विटी स्क्वाड जैसी व्यवस्थाएं लागू करना था। हालांकि, सामान्य वर्ग के कुछ संगठनों और छात्रों ने नियमों पर आपत्ति जताई, जबकि SC, ST और OBC संगठनों ने इन्हें जरूरी बताया। अब सवाल यह है कि सरकार के पुनर्विचार के पीछे केवल कानूनी कारण हैं या चुनावी समीकरण भी? बांकीपुर और दतिया के हालिया उपचुनावों के बाद BJP के भीतर सवर्ण असंतोष की चर्चा और 2027 का UP चुनाव इस मुद्दे को खासा महत्वपूर्ण बना रहा है। आइए विस्तार से समझते हैं पर्दे के पीछे के दो बड़े फैक्टर...

UGC Rules में ऐसा क्या था?

UGC ने 13 जनवरी 2026 को University Grants Commission (Promotion of Equity in Higher Education Institutions) Regulations, 2026 अधिसूचित किए थे। इनका मकसद उच्च शिक्षा संस्थानों में जाति, धर्म, नस्ल, लिंग, जन्म स्थान और दिव्यांगता आदि के आधार पर भेदभाव को रोकने के लिए संस्थागत व्यवस्था तैयार करना था। नियमों में Equal Opportunity Cells और Equity Squads जैसी व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया था। इनका मकसद खास तौर पर वंचित और हाशिए के समूहों के छात्रों की हिस्सेदारी को संस्थागत स्तर पर निर्देशित करना था। इन नियमों की बैकग्राउंड सुप्रीम कोर्ट में दायर उस याचिका से भी जुड़ी है, जिसे रोहित वेमुला और पायल तड़वी की माताओं ने कैंपस में जातिगत भेदभाव से निपटने के लिए दायर किया था।

फिर विरोध किस बात पर हुआ?

नियमों का विरोध करने वालों का तर्क था कि 'जाति-आधारित भेदभाव' (Caste-based Discrimination) की परिभाषा इस तरह बनाई गई है कि गैर-आरक्षित या सामान्य वर्ग के लोगों के साथ होने वाले जातिगत भेदभाव को पर्याप्त संरक्षण नहीं मिलता। जनवरी में सुप्रीम कोर्ट के सामने भी याचिकाकर्ताओं ने यही दलील दी थी। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया कुछ प्रावधानों में अस्पष्टता और उनके संभावित दुरुपयोग की आशंका जताते हुए नियमों को रोक दिया था। 2026 के नियमों की जगह 2012 के नियमों को फिलहाल लागू रखने का निर्देश दिया गया था। यानी विवाद का एक पक्ष सामाजिक न्याय और कैंपस में जातिगत भेदभाव रोकने का है, जबकि दूसरा पक्ष सामान्य वर्ग के अधिकारों और नियमों की कथित अस्पष्टता को लेकर है।

अब सरकार ने दोबारा विचार क्यों शुरू किया?

यहीं से मामला राजनीतिक रूप से दिलचस्प हो जाता है। 20 अगस्त को केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि नियमों पर पुनर्विचार चल रहा है। सरकार ने अदालत से फिलहाल मामले में आगे के सवाल तय करने की प्रक्रिया टालने का अनुरोध किया। कोर्ट ने चार सप्ताह का समय दिया है। इस घटनाक्रम को ऐसे समय देखा जा रहा है, जब बीजेपी के सामने अपने पारंपरिक सवर्ण समर्थन आधार को लेकर नई राजनीतिक चुनौती की चर्चा शुरू हुई है। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में सवर्ण असंतोष ने BJP के प्रदर्शन को प्रभावित किया। साथ ही, बांकीपुर और दतिया के नतीजों से पता चलता है कि BJP के मुख्य सोशल बेस यानी हिंदू वोटरों, खासकर ऊंची जातियों के बीच कुछ अस्थिरता रही।

पहला बड़ा फैक्टर: सवर्ण की ताकत

Bankipur By-Election में क्या हुआ था?

  • बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट (Bankipur Vidhan Sabha Chunav) लंबे समय से BJP का मजबूत गढ़ मानी जाती थी। 2025 के विधानसभा चुनाव में BJP ने यहां 62% से ज्यादा वोट हासिल किए थे। लेकिन 2026 के उपचुनाव में उसका वोट शेयर करीब 34% रह गया और जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने BJP के नीरज कुमार सिन्हा को करीब 19 हजार वोटों से हरा दिया। यह नतीजा इसलिए भी महत्वपूर्ण था, क्योंकि बांकीपुर को BJP के पारंपरिक शहरी, शिक्षित और ऊंची जाति वाले समर्थन का मजबूत क्षेत्र माना जाता रहा है। हार के पीछे वजह बनी, ब्राह्मण और कायस्थ मतदाताओं के एक हिस्से के BJP से दूर जाना।
  • वहीं, प्रशांत किशोर की ओर झुकाव। इसके साथ ही UGC विवाद, पेपर लीक, छात्र विरोध और स्थानीय स्तर के मुद्दों को भी BJP की हार के संभावित कारणों में शामिल किया गया। इसलिए बांकीपुर को सिर्फ UGC के कारण BJP की हार कहना सही नहीं होगा। लेकिन UGC विवाद से जुड़ा सवर्ण असंतोष इस चुनाव के बाद BJP के लिए एक राजनीतिक चेतावनी के रूप में जरूर चर्चा में आया।

दतिया में भी मिला सवर्ण संकेत?

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट भी BJP के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती रही है। यहां BJP के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने हरा दिया। दतिया में चुनावी मुकाबले में जातीय समीकरण महत्वपूर्ण रहे। यहां ब्राह्मण और ठाकुर उम्मीदवारों के बीच लंबे समय से राजनीतिक प्रतिस्पर्धा रही है। दतिया का नतीजा भी UGC और सवर्ण नाराजगी ही समझा गया।

BJP के लिए क्यों महत्वपूर्ण है UP का सवर्ण वोट?

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सवर्ण मतदाताओं में आम तौर पर ब्राह्मण, राजपूत या ठाकुर, वैश्य, कायस्थ और अन्य ऊंची जातियां शामिल मानी जाती हैं। CSDS के 2022 के चुनाव विश्लेषण के अनुसार, यूपी में करीब 19% मतदाता उच्च जाति (Upper Caste) श्रेणी से थे। वहीं, OBC करीब 41%, दलित करीब 21% और मुस्लिम करीब 19% आबादी का हिस्सा बताए गए थे। बीजेपी को लंबे समय से यूपी के सवर्ण मतदाताओं का मजबूत समर्थन मिलता रहा है। 2022 में ब्राह्मणों के करीब 85.7% और राजपूतों के 88.9% वोट BJP को मिलने का अनुमान दिया गया था। यानी 2022 में बीजेपी का सवर्ण आधार काफी मजबूत था। इस तरह देखा जाए तो कोई भी पार्टी केवल सवर्ण वोट के आधार पर यूपी में बहुमत हासिल नहीं कर सकती। लेकिन सवर्णों को अपने व्यापक सामाजिक गठबंधन में बनाए रखना कई पार्टियों के लिए महत्वपूर्ण है।

2009 में मिला था बड़ा संकेत, 10 सीटों पर सिर्फ BJP

2009 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के नेतृत्व वाले UPA (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) ने जीता था। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और 206 सीटें जीतीं। खास बात यह है कि यूपी में सपा ने 23, कांग्रेस ने 21 और बसपा ने 20 सीटें झटकीं। लेकिन, सबसे बुरी हालत BJP की रही। उसके पाले में सिर्फ 10 सीटें ही गिरीं। CSDS के आंकड़ों के अनुसार, 2009 में BJP को ब्राह्मणों का करीब 53%, राजपूतों का 53%, वैश्यों का 57% और अन्य ऊंची जातियों का 54% समर्थन मिला था। कांग्रेस ने सवर्णों में सेंध लगाई और 31% समर्थन अपने पाले में खींच लिया। यानी BJP के लिए सबक यह था कि पारंपरिक सवर्ण समर्थन अपने आप चुनावी जीत में तब्दील नहीं होता। उसे व्यापक सामाजिक गठबंधन में बदलना पड़ता है।

2012 की गलती BJP को क्यों याद आ रही है?

BJP के लिए उत्तर प्रदेश का 2012 विधानसभा चुनाव एक महत्वपूर्ण राजनीतिक सबक माना जा सकता है। उस चुनाव में पार्टी केवल 47 सीटों पर सिमट गई थी। CSDS-Lokniti के पोस्ट-पोल आंकड़े बताते हैं कि 2007 से 2012 के बीच BJP के समर्थन में कई सवर्ण समूहों में गिरावट आई।

समुदाय 2007 BJP वोट 2012 BJP वोट
ब्राह्मण 44% 38%
राजपूत 46% 29%
वैश्य 52% 42%
अन्य सवर्ण 41% 17%

खास तौर पर राजपूतों में 17 प्रतिशत अंक और अन्य सवर्णों में 24 प्रतिशत अंक की गिरावट ध्यान देने वाली थी। हालांकि, यह कहना भी गलत होगा कि BJP सिर्फ सवर्णों की नाराजगी के कारण 2012 में हारी। समाजवादी पार्टी ने 224 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था और BSP भी 80 सीटों पर रही थी। यानी पूरा चुनाव व्यापक जातीय और राजनीतिक गठबंधनों के बीच लड़ा गया था।

फिर 2014 में क्या बदला?

2014 के लोकसभा चुनाव में BJP ने उत्तर प्रदेश में जबरदस्त वापसी की और 80 में से 71 सीटें जीत लीं। CSDS के आंकड़े बताते हैं कि 2009 से 2014 के बीच BJP का सवर्ण समर्थन तेजी से बढ़ा:

  • ब्राह्मण: 53% से 72%
  • राजपूत: 53% से 77%
  • वैश्य: 57% से 71%
  • अन्य सवर्ण: 54% से 79%

साथ ही BJP ने गैर-यादव OBC और दलितों में भी अपना समर्थन बढ़ाया। यही मॉडल आगे 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव में और मजबूत हुआ। सवर्ण + गैर-यादव OBC + गैर-जाटव दलित का व्यापक सामाजिक गठबंधन BJP की बड़ी जीत की नींव बना।

2017 में मिला था 'सबका साथ, सबका विकास'

2017 के यूपी विधानसभा चुनाव (UP Vidhan Sabha Chunav) में BJP ने 312 सीटों की ऐतिहासिक जीत दर्ज की। बहुमत का आंकड़ा 202 सीटें पार करते ही बीजेपी ने सरकार बनाई। खास बात यह रही कि इस जीत में सवर्ण वोट की बड़ी भूमिका थी। असल में BJP ने अपने पारंपरिक सवर्ण वोट बैंक को गैर-यादव OBC और गैर-जाटव दलितों के साथ जोड़कर एक बड़ा सामाजिक गठबंधन तैयार किया था। यही 2017 के चुनाव का सबसे बड़ा फैक्टर था।

CSDS चुनावी पोस्ट-पोल विश्लेषण के मुताबिक, BJP ने सवर्णों में अपना मजबूत आधार बनाए रखा, लेकिन साथ ही दूसरे सामाजिक समूहों में भी बड़ी सेंध लगाई।

  • ऊंची जातियां: BJP को करीब 62% समर्थन
  • कुर्मी: करीब 57%
  • लोध: करीब 63%
  • गैर-यादव OBC/EBC: करीब 58%
  • दलित: करीब 17%, जिसमें मुख्य रूप से गैर-जाटव समुदायों का समर्थन था
  • जाट: करीब 43%
  • यादव: BJP को सिर्फ करीब 10% समर्थन, जबकि SP को करीब 80% यादव वोट मिला।

UP Chunav 2027: अब SP भी सवर्णों को साध रही?

समाजवादी पार्टी अपने PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर काम करती रही है। लेकिन, 2027 के चुनाव में BJP के लिए चुनौती सिर्फ अपने वोट को बनाए रखना नहीं है। विपक्ष भी उसके पारंपरिक आधार में सेंध लगाने की कोशिश कर रहा है। हाल में सपा ने ब्राह्मणों तक पहुंच बढ़ाने की कोशिश तेज की है। 5 अगस्त को अखिलेश यादव ने PDA में 'P' को Pandit से जोड़कर ब्राह्मण समुदाय तक पहुंच का स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिया। SP ने लखनऊ में 'प्रबुद्ध सम्मेलन' भी आयोजित किया। वहीं, BSP प्रमुख मायावती भी 2027 से पहले दलित-ब्राह्मण सोशल इंजीनियरिंग के पुराने मॉडल को फिर से सक्रिय करने की कोशिश करती दिख रही हैं। यानी BJP के सामने मुकाबला अब केवल SP के PDA बनाम BJP के पुराने सामाजिक समीकरण का नहीं है। ब्राह्मण और अन्य सवर्ण मतदाताओं को लेकर तीनों प्रमुख दलों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है।

BJP के सामने सबसे बड़ा सवाल क्या है?

BJP की असली चुनौती OBC और सवर्णों के समर्थन के बीच संतुलन बनाए रखने की है। UGC नियमों को लेकर सरकार पीछे हटती है, तो सामान्य वर्ग के एक हिस्से को राजनीतिक संदेश मिल सकता है कि उसकी चिंताओं को सुना जा रहा है। लेकिन अगर नियमों को कमजोर या वापस किया जाता है, तो दूसरी ओर OBC, SC और ST समूहों में यह संदेश जा सकता है कि जातिगत भेदभाव रोकने के लिए बनाए गए प्रावधानों से समझौता किया जा रहा है। यानी BJP के सामने दोहरी चुनौती है- 'सवर्ण नाराज न हों, लेकिन OBC-दलित आधार भी न खिसके'। यही वजह है कि UGC विवाद अब केवल विश्वविद्यालयों की नीति का सवाल नहीं रह गया है। 2027 के उत्तर प्रदेश चुनाव में यह BJP के सामाजिक गठबंधन की परीक्षा का एक और मुद्दा बन सकता है।

दूसरा बड़ा फैक्टर: Gen Z का भरोसा

क्या BJP का बिगड़ रहा है Gen Z फैक्टर?

BJP के लिए युवा वोटर्स लंबे समय से अहम राजनीतिक आधार रहे हैं। खासकर 2000 के दशक के बाद पहली बार वोट देने वाले और युवा मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत मानी जाती रही है। लेकिन हाल के सालों में कैंपस पॉलिटिक्स और छात्र मुद्दों को लेकर BJP के सामने नई चुनौती दिखाई देने लगी है। हालही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की एंट्री और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज ने इस बहस को और हवा दी। प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर भी नाराजगी देखने को मिली। ऐसे में सवाल उठने लगा कि क्या BJP युवा और छात्र वर्ग के बीच अपनी पुरानी पकड़ बनाए रखने में मुश्किल का सामना कर रही है?

छात्र राजनीति में BJP की विचारधारा से जुड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की भूमिका भी इस बहस के केंद्र में है। BJP के लिए ABVP लंबे समय से कैंपस में युवाओं तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। लेकिन, जब छात्र समुदाय से जुड़े मुद्दों पर असंतोष बढ़ता है, तो केवल संगठनात्मक मौजूदगी पर्याप्त नहीं होती।

Gen Z क्यों जरूरी हैं?

Gen Z यानी मोटे तौर पर 1990 के दशक के अंत और 2010 के शुरुआती साल के बीच जन्मी पीढ़ी अब चुनावी राजनीति में तेजी से महत्वपूर्ण हो रही है। इस वर्ग का एक बड़ा हिस्सा सोशल मीडिया, डिजिटल न्यूज और ऑनलाइन राजनीतिक विमर्श से प्रभावित होता है। इस पीढ़ी के लिए रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाएं, पेपर लीक, शिक्षा की लागत, कैंपस स्वतंत्रता, डिजिटल अधिकार और सरकारी नौकरियां जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। इसलिए केवल वैचारिक अपील के बजाय प्रत्यक्ष मुद्दों पर संवाद और युवाओं की शिकायतों का समाधान राजनीतिक दलों के लिए ज्यादा जरूरी हो गया है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+