'सनातन के खिलाफ' बयान देने वाले उदयनिधि स्टालिन को नहीं मिला वर्ल्ड कप मैच का टिकट, जानिए क्यों?
World Cup 2023: वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को लेकर जहां भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटी हैं, वहीं क्रिकेट फैंस भी बेसब्री से रविवार का इंतजार कर रहे हैं, जब उनके सामने एक हाई वोल्टेज मैच खेला जाएगा।
दोनों टीमों के फैंस ने फाइनल मैच के टिकट खरीद लिए हैं और अहमदाबाद में क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ बढ़ने लगी है। लेकिन, इस बीच खबर है कि तमिलनाडु के खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन को मैच का टिकट नहीं मिला है और इसके लिए उन्होंने अपना दर्द भी बयां किया है।

दरअसल, वर्ल्ड कप के फाइनल मैच के टिकट पहले ही बिक चुके हैं और अब कोई सीट खाली नही हैं। ऐसे में, जिन लोगों को मैच का टिकट नहीं मिला है, उनमें उदयनिधि स्टालिन का नाम भी शामिल है। शनिवार को मीडिया से बात करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने कहा, 'मैच के सारे टिकट बिक चुके हैं। यहां तक कि मुझे भी फाइनल मैच का टिकट नहीं मिला। अगर मुझे टिकट मिल पाता, तो मैं निश्चित तौर पर अहमदाबाद जाता और मैच देखता। इस मैच को लेकर जिस तरह हर कोई दीवाना हो रहा है, मैं भी ठीक वैसे ही हूं।'
सनातन धर्म पर दिया था विवादित बयान
आपको बता दें कि उदयनिधि स्टालिन हाल ही में उस वक्त विवादों में घिरे थे, जब उन्होंने सनातन धर्म को लेकर एक बयान दिया था। उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से करते हुए कहा था कि इसका ना केवल विरोध होना चाहिए, बल्कि इसे खत्म कर देना चाहिए। उदयनिधि के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी के साथ साथ हिंदू संगठनों ने भारी विरोध जताया था।
20 साल पुराना हिसाब चुकाएगी भारतीय टीम
गौरतलब है कि पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर भारत और दूसरे सेमीफाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को हराकर ऑस्ट्रेलिया की टीम फाइनल में पहुंची है। दोनों के बीच फाइनल मुकाबला रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया पूरे 20 साल बाद वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भिडेंगे। साल 2003 में वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 125 रनों से हराकर उसका विश्व विजेता बनने का सपना तोड़ दिया था। ऐसे में भारतीय टीम 20 साल पुराना हिसाब चुकाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications