जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकियों से मुठभेड़, अमरनाथ यात्रा से पहले अलर्ट पर सुरक्षाबल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में 26 जून को आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। यह घटना जम्मू-कश्मीर में निर्धारित अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले हुई है। समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक,भारतीय सेना ने इसकी पुष्टि की है।
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स (White Knight Corps) ने जानकारी दी कि आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर एक साझा अभियान शुरू किया गया। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस शामिल हैं। यह अभियान बसंतगढ़ के बिहाली इलाके में चलाया जा रहा है।

सेना और पुलिस ने शुरू किया 'ऑपरेशन बिहाली'
सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को 'ऑपरेशन बिहाली' नाम दिया गया है। सेना की व्हाइट नाइट कोर ने एक्स (ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि 'सटीक खुफिया इनपुट के आधार पर यह ऑपरेशन शुरू किया गया है।'
ऑपरेशन के दौरान क्या बोले अधिकारी
आईजीपी जम्मू जोन भीम सेन टुटी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मुठभेड़ सुबह से जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है। ऑपरेशन को लेकर सतर्कता बरती जा रही है क्योंकि अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होनी है और इस बार लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
हालिया ऑपरेशनों से कनेक्शन
यह मुठभेड़ ऐसे वक्त में हो रही है जब महज डेढ़ महीने पहले 7 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के पंजाब और पीओके में आतंक के नौ ठिकानों को तबाह किया था, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे। वहीं अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
कब से कब तक चलेगी अमरनाथ यात्रा?
अमरनाथ यात्रा इस साल 3 जुलाई से 9 अगस्त तक चलेगी, जो कुल 38 दिनों तक चलेगी। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) ने इन तिथियों की घोषणा की है, जो श्रावण के शुभ महीने के साथ मेल खाती हैं।












Click it and Unblock the Notifications