'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर उद्धव ठाकरे ने BJP पर साधा निशाना, कहा- तिरंगा है पर घर नहीं, फिर...
'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर उद्धव ठाकरे ने BJP पर साधा निशाना, कहा- तिरंगा है पर घर नहीं, फिर...
मुंबई, 13 अगस्त: शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उद्धव ठाकरे ने व्यंग्य से जुड़ी साप्ताहिक पत्रिका 'मार्मिक' की 62वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिवसैनिकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 'हर घर तिरंगा अभियान' को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला किया।

दरअसल, 'हर घर तिरंगा' अभियान देशभर में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। जिसपर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान हर जगह देखा जा रहा है, लेकिन मुझे कुछ मैसेज मिले, जहां एक व्यक्ति झंडा फहराने के लिए घर की मांग कर रहा है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि एक व्यंग्य चित्र आया है। इसमें कुछ लोगों को दिखाया गया है, जिनके पास घर नहीं है। वे कहां तिरंगा लगाएं।
बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए शिवसेना प्रमुख कहा कि क्या हम फिर से किसी विदेशी शासन के अधीन जा रहे हैं, यह वो सवाल है जिसे आज पूछने की जरूरत है? प्रश्न पूछने की कोई स्वतंत्रता नहीं है। अमृत महोत्सव 'अमृत' जैसा होना चाहिए, लेकिन यह 'मृत' लोकतंत्र की तरह नहीं होना चाहिए।
उद्धव अपने पिता दिवंगत बाल ठाकरे द्वारा स्थापित पत्रिका 'मार्मिक' की 62वीं वर्षगांठ पर पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर शिवसेना नहीं होती तो महाराष्ट्र में मराठियों की क्या हालत होती और देश में हिंदुत्व की क्या स्थिति होती, यह विचार का मुद्दा है।
बता दें कि 'मार्मिक' की स्थापना 13 अगस्त, 1960 को हुई थी, जब बाल ठाकरे ने फ्री प्रेस जर्नल में कार्टूनिस्ट की नौकरी छोड़ दी थी। ठाकरे के भाई श्रीकांत पत्रिका के सह-संस्थापक थे।












Click it and Unblock the Notifications