Mumbai News: 'ये अंदर की बात है', देवेंद्र फडणवीस के ऑफर पर उद्धव ठाकरे ने दिया चौंकाने वाला जवाब
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की 'ऑफर' जैसी टिप्पणी पर उद्धव ठाकरे ने चुटीले अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- 'ये अंदर की बात है।' इसे सीधे तौर पर एक पुराने विज्ञापन की तर्ज पर कटाक्ष माना जा रहा है।
दरअसल, पिछले दिनों मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बयान में कहा था कि उद्धव ठाकरे के पास महायुति में आने की 'गुंजाइश' है और इस पर विचार किया जा सकता है।

उद्धव ठाकरे के पास यहां आने की गुंजाइश
उन्होंने कहा कि, '2029 तक सरकार बदलने की कोई संभावना नहीं है। हमारे पास विपक्ष में जाने की जगह नहीं है, लेकिन आपके पास (उद्धव ठाकरे) यहां आने की गुंजाइश है।' इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में संभावनाओं की चर्चा शुरू हो गई।
फडणवीस ने बाद में अपने ही बयान पर दी सफाई
हालांकि, शुक्रवार को फडणवीस ने सफाई देते हुए कहा कि उनका यह बयान मजाक में दिया गया था और मीडिया उसे जरूरत से ज्यादा गंभीरता से ले रहा है।
उद्धव ठाकरे ने 'ऑफर' पर दिया जवाब
वहीं, गुरुवार को जब उद्धव ठाकरे से इस 'ऑफर' पर पूछा गया, तो उन्होंने एक व्यंग्यात्मक टिप्पणी की- 'मैं अभी प्रिंट मीडिया से बात कर रहा था। मैंने चड्डी-बनियान गिरोह की बात की थी। चड्डी-बनियान का भी एक विज्ञापन होता है-'ये अंदर की बात है'।'
ठाकरे की यह टिप्पणी सीधे तौर पर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के उस बयान की ओर इशारा कर रही थी जिसमें उन्होंने बीजेपी और महायुति पर 'चड्डी बनियान गिरोह' जैसी शब्दावली का प्रयोग किया था।
शिवसेना (UBT ) प्रमुख ठाकरे की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब उन्होंने विधान परिषद अध्यक्ष के कक्ष में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से एक बैठक भी की थी। इस बैठक में उनके बेटे और वर्ली से विधायक आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे। दोनों पक्षों की बातचीत करीब आधे घंटे चली, जिसके बाद सियासी गलियारों में कई कयास लगने लगे।












Click it and Unblock the Notifications