'UCC तभी लाना चाहिए जब....', मणिपुर का नाम लेकर मोदी सरकार पर उद्धव का हमला
शिवसेना यूबीटी के नेता और पार्टी के मुखपत्र सामना के कार्यकारी संपादक संजय राउत को दिए एक इंटरव्यू में पार्टी सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने मोदी सरकार पर जोरदार हमले किए हैं। उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड लाने से पहले केंद्र सरकार के सामने कुछ शर्तें रखने की भी कोशिशें की हैं।
पहले मणिपुर में शांति लाएं फिर यूसीसी- उद्धव
एक मराठी पोडकास्ट 'अवाज कोनाचा' में उद्धव ने अपने ही पार्टी के नेता के सामने बीजेपी के खिलाफ अपनी दिल की भड़ास निकाली है। उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड लाए जाने की चर्चा के बारे में कहा है, 'अगर आप यूनिफॉर्म सिविल कोड लाने जा रहे हैं, तो आपको मणिपुर में पहले शांति लानी चाहिए। यह महीनों से जल रहा है।'

यूनिफॉर्म मतलब, सबके साथ एक बर्ताव हो- उद्धव
यही नहीं, ठाकरे ने यह भी कहा है कि 'भ्रष्ट लोगों पर कार्रवाई भी समान होनी चाहिए, चाहे वह जिस भी पार्टी का हो। जो भ्रष्ट हैं लेकिन आपके साथ हैं उनके साथ अलग बर्ताव किया जाता है। यह यूनिफॉर्म नहीं है। यदि आप यूसीसी चाहते हैं तो बर्ताव में भी एकरूपता होनी चाहिए।'
जम्मू-कश्मीर में चुनाव करवाने की मांग
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जम्मू-कश्मीर में बीजेपी को चुनाव करवाने की भी चुनौती दे डाली है। उन्होंने कहा, 'अब आपने आर्टिकल 370 खत्म कर दिया है। आपने पूरे प्रदेश को भी छोटी-छोटी इकाइयों में बांट दिया है। आप वहां चुनाव क्यों नहीं करवाते?... '
'एनडीए में तीन पार्टियां- सीबीआई, ईडी और आईटी'
वहीं विपक्षी इंडिया गठबंधन पर पीएम के तंज को लेकर वे बोले कि 'बीजेपी का पाखंड सब जानते हैं।' 'नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस के अंदर सिर्फ तीन मजबूत पार्टियां हैं- सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन (सीबीआई), इंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (आईटी)। वे किसी भी सरकार को बना या तोड़ सकते हैं।'
2024 में बीजेपी आई तो लोकतंत्र खत्म- उद्धव
उन्होंने बीजेपी और मोदी सरकार को लेकर विपक्ष का एक और नाममुकिन दावा दोहराया कि 2024 में अगर भाजपा फिर सत्ता में आई तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। वो बोले 'उसके बाद कोई चुनाव नहीं होगा।'
'एक अमीबा, जिसे कि एनडीए कहा जाता है'
यही नहीं, ठाकरे ने एनडीए को 'अमीबा' कहते हुए कहा, 'कई साल बाद, एक अमीबा, जिसे कि एनडीए कहा जाता है इस देश में जीवित है और उन्हें जवाब देने के लिए हम देशभक्त नेताओं ने इंडिया नाम का गठबंधन बनाया है। उसी दिन हमारे माननीय प्रधानमंत्री ने तत्काल 36 दलों (38 पार्टियां) को एकजुट किया। तथ्य ये है कि उन्हें 36 पार्टियों की जरूरत नहीं है। ईडी, आईटी और सीबीआई ही सिर्फ तीन पार्टियां हैं, जो उनके एनडीए में हैं।'
बीजेपी नेता आशीष शेलार ने इस इंटरव्यू को 'बेकार' बताया है। महाराष्ट्र के मंत्री शंभुराज देसाई ने कहा कि इस इंटरव्यू से अच्छे की उम्मीद की जा सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications