जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को किया ढेर
अनंतनाग: भारतीय सेना एक बार फिर दहशतगर्दों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, इस एनकाउंटर में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। मारे गए आतंकियों की पहचान अभी तक नहीं की जा सकी है। सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ अनंतनाग के कांदीपोरा बिजबेहारा इलाके में हुई।

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एनकाउंटर में मरने वाले आंतकियों की संख्या 2 हो गई है। उन्होंने कहा कि कल दोपहर में अनंतनाग के SSP को खबर मिली थी कि एक गांव में जैश-ए मोहम्मद के 2 आतंकवादी छिपे हैं। लग रहा है कि ये स्थानीय आतंकवादी हैं। आतंकवादियों के खिलाफ एंटी टेररिस्ट ऑपरेशन बढ़ रहे हैं।
इससे पहले एक आंतकी के मरने की खबर आ रही थी। जानकारी के मुताबिक कल यानी बुधवार को मुठभेड़ शुरू हुई और ऑपरेशन के दूसरे दिन आज दो आतंकवादी को ढेर कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने रात में मुठभेड़ को रोक दिया था और गुरुवार सुबह इसे फिर से शुरू कर दिया था।
पुलिस और सेना की एक संयुक्त टीम ने कांदिपोरा में एक घेरा और तलाशी अभियान चलाया। जैसे ही बलों की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान के पास पहुंची, छिपते हुए आतंकवादियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया।
यह ऑपरेशन संयुक्त रूप से सुरक्षा बलों और स्थानीय पुलिस द्वारा किया जा रहा है। एक दिन पहले दक्षिण कश्मीर के सोपोर में एक मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया था, जिस आतंकवादियों को मार गिराया गया, उनकी पहचान आतंकी संगठन अल बदर के प्रमुख गनी ख्वाजा के रूप में हुई।












Click it and Unblock the Notifications