पत्रकार पर हमला करने के आरोप में आरएसएस के दो कार्यकर्ता गिरफ्तार
त्रिवनंतपुरम। मलप्पुरम प्रेस क्लब में एक मलयालम दैनिक के फोटो पत्रकार पर हमला करने के आरोप में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पत्रकार पर हमले को केरल के मुख्यमंत्री ने गंभीर घटना बताया था और पुलिस को पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा था। पुलिस ने बताया कि दिलीप कुमार और शिबू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरएसएस के कार्यकर्ता हैं।

इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने के लिए पुलिस को निर्देश दिये थे। उन्होंने कहा कि प्रेस की आजादी पर हमले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोप है कि आरएसएस के कुछ कार्यकर्ता मलप्पुरम प्रेस क्लब में घुस आए थे और यहां एक फोटो जर्नलिस्ट पर हमला किया था।
पुलिस ने बताया कि दोनों कार्यकर्ताओं को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फोटो पत्रकार की शिकायत पर आरएसएस के 10 कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फोटो पत्रकार के पैर में जख्म आया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications